आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर आईटी मंत्रालय की रिपोर्ट लटकी

सूचना एवं प्रौद्योगिकी (आईटी) मंत्रालय की चार समितियों द्वारा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) पर तैयार रिपोर्ट अभी तक सार्वजनिक नहीं हो पाई है। इन्हें नीति आयोग द्वारा तैयार की जा रही रिपोर्ट के मद्देनजर रोक दिया गया है। माना जा रहा है कि सभी रिपोर्टों को एक साथ सार्वजनिक किया जाएगा। आईटी मंत्रालय द्वारा गठित समितियों ने नागरिक सुविधा के आधार, डाटा संरक्षण, कौशल-शोध और कानूनी-नैतिकता व साइबर सुरक्षा को बढ़ावा देने पर रिपोर्ट तैयार की है।
केंद्र सरकार देश में विकास की जटिल चुनौतियों का हल आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के मदद से निकालना चाहती है। इस कड़ी में आईटी मंत्रालय द्वारा लिए गए विषयों से इतर नीति आयोग कृषि और स्वास्थ्य जैसे मुद्दों पर एआई की रिपोर्ट तैयार कर रहा है। हालांकि इस बीच आईटी मंत्रालय की समितियों द्वारा रिपोर्ट सौंपी जा चुकी है, लेकिन सरकार चाहती है कि सभी रिपोर्टों को एक साथ सार्वजनिक किया जाए और अगला कदम इसके बाद ही बढ़ाया जाए।
सूत्र बताते हैं कि मंत्रालय की ओर से रिपोर्ट को सार्वजनिक कर कदम आगे बढ़ाने की सिफारिश की गई थी, पर सरकार से अनुमति नहीं मिलने की वजह से फिलहाल यह ठंडे बस्ते में पड़ी हुई। सूत्र बताते हैं कि नीति आयोग के सीईओ के नेतृत्व में कृषि समेत अन्य मुद्दों पर एआई की रिपोर्ट तैयार की जा रही है जिनके जल्द आने की उम्मीद नहीं है।