iOS 18.2 Update: iPhone को मिलेंगे एक से बढ़कर एक फीचर्स, इमेज प्लेग्राउंड से लेकर ChatGPT तक
रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि इस अपडेट के साथ एपल के अधिकतर फीचर्स अंग्रेजी में उपलब्ध होंगे। Gurman ने यह भी सुझाव दिया है कि एपल एआई का अगला बड़ा अपडेट" iOS 18.4 के साथ आएगा। इसके अप्रैल 2025 में लॉन्च होने की संभावना है और इसमें Siri के कई सारे फीचर्स शामिल होंगे।

विस्तार
एपल ने पिछले सप्ताह iOS 18.1 अपडेट जारी किया, जिसमें Apple Intelligence, यानी एप्पल की आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के फीचर्स मिले हैं। अब एक रिपोर्ट के अनुसार Apple Intelligence की और फीचर्स जैसे कि Siri में ChatGPT का इंटेग्रेशन और एक नया Image Playground एप iOS 18.2 अपडेट के साथ उम्मीद से पहले लॉन्च किए जा सकते हैं। इसके अलावा अन्य iOS 18 अपडेट के रिलीज टाइमलाइन का भी संकेत मिला है।
एपल ने पहले ही पुष्टि कर दी थी कि iOS 18.2 अपडेट दिसंबर में मिलेगा जिसमें कई सारे एपल एआई फीचर्स मिलेंगे। पिछले अपडेट्स के रिलीज ट्रेंड्स के अनुसार यह अपडेट दिसंबर के दूसरे सप्ताह में आ सकता है, हालांकि Bloomberg के Mark Gurman ने अपनी "Power on" न्यूजलेटर में दावा किया है कि iOS 18.2 का रिलीज तय समय से पहले भी हो सकता है, जो कि दिसंबर 2 के सप्ताह में जारी किया जा सकता है।
रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि इस अपडेट के साथ एपल के अधिकतर फीचर्स अंग्रेजी में उपलब्ध होंगे। Gurman ने यह भी सुझाव दिया है कि एपल एआई का अगला बड़ा अपडेट" iOS 18.4 के साथ आएगा। इसके अप्रैल 2025 में लॉन्च होने की संभावना है और इसमें Siri के कई सारे फीचर्स शामिल होंगे।
एपल के iOS 18.2 अपडेट में कई प्रमुख एपल फीचर्स को शामिल करने की उम्मीद है। इसमें एक नया इमेज प्लेग्राउंड एप शामिल है, जो टेक्स्ट-आधारित प्रॉम्प्ट्स का इस्तेमाल करके फोटो बनाने के लिए जेनरेटिव AI का इस्तेमाल करता है।
इसके साथ Genmoji भी आता है, जो इमोजी के लिए यही प्रक्रिया अपनाता है। यूजर्स इन फोटो और इमोजी को मैसेज, नोट्स और कीनोट जैसे एप्स में साझा कर सकते हैं। इसके अलावा इसमें एक Image Wand फीचर भी है, जो एक साधारण स्केच को प्रॉम्प्ट्स का इस्तेमाल करके फोटो में बदल सकता है।
एपल ने अपने लेटेस्ट अपडेट में Siri में ChatGPT का इंटेग्रेशन भी पेश किया है। अब इसका वॉइस असिस्टेंट OpenAI के AI चैटबॉट के जरिए यूजर्स के सवालों के जवाब देगा। यूजर्स Siri से सीधे ChatGPT का इस्तेमाल करके बेहतर आंसर प्राप्त कर सकते हैं। iOS 18.2 में चैट राइटिंग टूल का भी हिस्सा बन जाएगा। इस फीचर के लिए ऑप्शनल साइन-इन की आवश्यकता होती है।