25 अक्टूबर से नई दिल्ली में शुरू होगा इंडिया मोबाइल कांग्रेस 2018

पिछले साल भारत में इंडिया मोबाइल कांग्रेस के सफल आयोजन के बाद इस साल भी इंडिया मोबाइल कांग्रेस का आयोजन 25-37 अक्टूबर को नई दिल्ली में होने जा रहा है। रेल राज्य एवं संचार राज्य मंत्री मनोज सिन्हा ने इसकी जानकारी शुक्रवार को एक इवेंट में दी।
इंडिया मोबाइल कांग्रेस 2018 का आयोजन डिपार्टमेंट ऑफ कम्युनिकेशन (DoT) और सेलुलर ऑपरेटर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (COAI) करेंगे। सिन्हा ने कहा कि इस बार ASEAN और BIMSTEC के सदस्य देश भी इसमें शरीक होंगे।
एक अनुमान के मुताबिक IMC में 2,00,000 से अधिक प्रोफेशनल लोग शामिल होंगे जिनमें टेलीकॉम इंडस्ट्री, 5जी, इंटरनेट ऑफ थिंग्स, स्मार्ट सिटी और आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस जैसे क्षेत्रों की हस्तियां होंगी। इस बार के आयोजन में 1,300 से ज्यादा प्रदर्शनी लगेंगी।
COAI के डायरेक्टर जेनरल राजन एस मैथ्यू ने बताया कि भारत में मोबाइल सब्सक्राइबर्स की संख्या 1.2 बिलियन से भी ज्यादा हो गई है। ऐसे में टेलीकॉम के मामले में भारत एक तेजी से उभरता हुआ देश है। बता दें कि पिछले साल नई दिल्ली में आयोजित इंडिया मोबाइल कांग्रेस में 2,000 डेलीगेट्स, 32,000 विजिटर्स, 152 स्पीकर्स और 100 प्रदर्शनी लगी थी।