Laptop Import Ban: चीन से आयात कम करने की तैयारी में सरकार, लैपटॉप-पीसी निर्माताओं के लिए आ सकते हैं नए नियम
रिपोर्ट के अनुसार, एक नवंबर से लैपटॉप-पीसी निर्माताओं को अपने आयातित इलेक्ट्रॉनिक हार्डवेयर, जैसे लैपटॉप और पर्सनल कंप्यूटर, के बारे में रजिस्ट्रेशन और अन्य जानकारी प्रदान करने की आवश्यकता होगी।

विस्तार
भारत सरकार, चीन से आयात कम करने की तैयार में नजर आ रही है। सरकार ने एपल, डेल और एचपी जैसी आईटी हार्डवेयर कंपनियों के लिए अपने नए इंपोर्ट मैनेजमेंट सिस्टम को पेश किया है। द इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के अनुसार, एक नवंबर से इन कंपनियों को अपने आयातित इलेक्ट्रॉनिक हार्डवेयर, जैसे लैपटॉप और पर्सनल कंप्यूटर, के बारे में रजिस्ट्रेशन और अन्य जानकारी प्रदान करने की आवश्यकता होगी।
रिपोर्ट के अनुसार, नए इंपोर्ट मैनेजमेंट सिस्टम के तहत कंपनियों को आयात किए गए सभी प्रोडक्ट का रजिस्ट्रेशन और संबंधित जानकारी उपलब्ध करानी होगी। इसमें उन देशों के बारे में जानकारी शामिल हैं जहां से वे इन उत्पादों को आयात करते हैं और इसमें उनकी घरेलू बिक्री के आंकड़े भी शामिल हैं। रिपोर्ट बताती है कि विदेश व्यापार महानिदेशालय (डीजीएफटी) ने हाल ही में इन आयातों पर नजर रखने के लिए डिजाइन किए गए नए पोर्टल को दिखाने के लिए उद्योग प्रतिनिधियों के साथ मुलाकात की।
सरकारी पोर्टल पर देनी होगी उत्पाद की जानकारी
पोर्टल पर कंपनियों को लैपटॉप और कंप्यूटर आयात की मात्रा, स्थानीय बिक्री मूल्य और आयात सोर्स के बारे में डाटा देना होगा और उन्हें रजिस्टर करना होगा। बता दें कि पहले, सरकार ने इन आयातों पर लाइसेंसिंग आवश्यकताओं को लागू किया था, लेकिन उद्योग के विरोध के कारण इसे 31 अक्तूबर तक के लिए स्थगित कर दिया गया है। लेकिन एक नवंबर से कंपनियों को अपने आयातित इलेक्ट्रॉनिक हार्डवेयर, जैसे लैपटॉप और पर्सनल कंप्यूटर, के बारे में रजिस्ट्रेशन और अन्य जानकारी प्रदान करने की आवश्यकता होगी।