Google+ होगा बंद, 5 लाख यूजर्स का डाटा लीक, गूगल ने बदली पॉलिसी

यदि आप भी गूगल की सोशल साइट गूगल प्लस (Google+) इस्तेमाल करते हैं तो आपके लिए बुरी खबर है, क्योंकि गूगल अब गूगल प्लस को बंद करने जा रहा है। यहां गौर करने वाली बात यह है कि गूगल ने जी प्लस को बंद करने का फैसला तब लिया है जब 5 लाख यूजर्स का डाटा लीक होने का खुलासा हुआ है। इस खुलासे के बाद गूगल की स्वामित्व कंपनी अल्फाबेट का शेयर 1 फीसदी तक गिरा। वहीं गूगल ने अपने ब्लॉग में इसकी जानकारी देते हुए कहा है कि किसी भी यूजर के डाटा के साथ कोई छेड़छाड़ नहीं की गई है।
डाटा लीक होने की रिपोर्ट पर कानूनी फर्म फ्राइडमैन साइजेन के प्रबंध निदेशक जैकब लेहमन ने कहा, 'उपयोगकर्ताओं को इस बात का अधिकार है उनकी किसी भी जानकारी का कहीं इस्तेमाल हो रहा है तो उन्हें सूचित किया जाए। जैसा कि फेसबुक और कैंब्रिज एनालिटिका के संबंध में हुआ था।' वैसे आपको बता दें कि गूगल प्लस का केवल आम वर्जन ही बंद हो रहा है, जबकि जो कंपनियां जीसूट का इस्तेमाल कर रही हैं, उनका गूगल प्लस बंद नहीं होगा।
ये भी पढ़ेंः फ्लिपकार्ट का बड़ा धमाका, मोबाइल-चोरी होने या टूटने पर मिलेगा पूरा पैसा
बता दें कि साल 2011 में गूगल ने गूगल प्लस को फेसबुक की टक्कर में लांच किया था। उस समय फेसबुक के विज्ञापन पॉलिसी को ध्यान में रखते हुए ही गूगल ने जी प्लस को लांच किया था ताकि यूजर्स की गतिविधियों के आधार पर उन्हें विज्ञापन दिखाया जाए। गूगल ने गूगल प्लस के लिए बकायदा फेसबुक के स्टेटस और न्यूज फीड फीचर को कॉपी भी किया था। गूगल ने अगस्त में भी गूगल प्लस का फ्री वर्जन बंद अमेरिकी नीति निर्माताओं के दवाब में आकर बंद कर दिया है।
गौरतलब है कि गूगल ने 5 सितंबर को सीनेट इंटेलिजेंस कमेटी की सुनवाई में सीईओ सुंदर पिचाई को भेजने से इनकार कर दिया। वहीं गूगल ने सोमवार को गूगल प्ले-स्टोर के लिए नई पॉलिसी का ऐलान किया जिसके तहत अब कोई भी ऐप किसी यूजर्स के मैसेज और कॉलिंग का एक्सेस नहीं ले पाएंगे।