Google के कर्मचारी अब नहीं कर सकेंगे जूम एप का इस्तेमाल, जानें वजह

टेक कंपनी गूगल (Google) ने डाटा की सुरक्षा को ध्यान में रखकर वीडियो कॉफ्रेंसिंग एप जूम (Zoom) पर बैन लगा दिया है। साथ ही कंपनी ने अपने कर्मचारियों को जूम एप इस्तेमाल न करने का आदेश दिया है। कंपनी ने पिछले सप्ताह ही अपने कर्मचारियों को ई-मेल भेजा था, जिसमें कहा गया था कि जो लोग लैपटॉप में जूम एप का उपयोग कर रहे हैं, वह तुरंत अपने डिवाइस में से इसे डिलीट करें। आपको बता दें कि कुछ दिनों पहले कई मीडिया रिपोर्ट सामने आई थी, जिनमें जूम एप की विश्वनीयता पर सवाल उठाए गए थे।
गूगल की सिक्योरिटी टीम ने कहा है कि हमने कर्मचारियों को सूचित किया है कि अब वह जूम डेस्कटॉप एप का इस्तेमाल नहीं करेंगे। हमने यह कदम इसलिए उठाया है क्योंकि जूम एप हमारे सुरक्षा मानकों पर खरा नहीं उतारा है। साथ ही इससे हमारे महत्वपूर्ण डाटा को खतरा है। टीम ने आगे कहा है कि यदि कर्मचारी अपने दोस्तों या फिर परिवार के लोगों के साथ वीडियो कॉलिंग करना चाहते हैं, तो वह इस एप का उपयोग कर सकते हैं।
गूगल से पहले Elon Musk की कंपनी स्पेस एक्स ने जूम एप पर बैन लगाया था। साथ ही कंपनी ने कर्मचारियों को इस एप को इस्तेमाल न करने का आदेश दिया था। वहीं, कंपनी का कहना था कि हमने यह कदम कंपनी के डाटा की सुरक्षा को ध्यान में रखकर उठाया है।
भारत की कंप्यूटर इमरजेंसी रिस्पांस टीम और राष्ट्रीय साइबर-सुरक्षा एजेंसी ने लोकप्रिय वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग एप जूम की सिक्योरिटी को लेकर एडवाइजरी जारी की थी है। CERT-In ने कहा था कि जूम एप साइबर हमलों का जरिया बना सकता है। इस एप के जरिए साइबर अपराधी सरकारी और निजी कार्यालयों से डाटा चोरी करके उसका गलत इस्तेमाल कर सकते हैं। सीईआरटी ने आगे कहा था कि जूम एप के साथ डाटा लीक का खतरा है।