गूगल ने की पुष्टि: ChromeOS और Android होंगे मर्ज, बनेगा एक नया प्लेटफॉर्म
साल 2024 के अंत से ही इस तरह की खबरें आ रही थीं कि गूगल अपने दोनों ऑपरेटिंग सिस्टम्स को एक करने की दिशा में काम कर रहा है, लेकिन अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई थी। अब समत के बयान से स्पष्ट हो गया है कि यह प्रक्रिया वाकई शुरू हो चुकी है।

विस्तार
लंबे समय से चल रही अटकलों पर अब विराम लग गया है। गूगल ने आखिरकार पुष्टि कर दी है कि वह ChromeOS और Android को एकीकृत प्लेटफॉर्म में बदलने पर काम कर रहा है। यह खुलासा गूगल में एंड्रॉयड ईकोसिस्टम के प्रेसिडेंट समीर समत ने टेकराडार से बातचीत के दौरान किया। यह पहली बार है जब किसी वरिष्ठ गूगल अधिकारी ने इस योजना की आधिकारिक पुष्टि की है।
जब समत से पूछा गया कि वे रिपोर्टर के एपल डिवाइसेज जैसे MacBook Pro, iPhone और Apple Watch के उपयोग पर इतना ध्यान क्यों दे रहे हैं, तो उन्होंने जवाब दिया, “मैंने पूछा क्योंकि हम ChromeOS और Android को मिलाकर एक सिंगल प्लेटफॉर्म बना रहे हैं और मैं जानना चाहता हूं कि लोग आजकल अपने लैपटॉप का कैसे इस्तेमाल कर रहे हैं और क्या-क्या कर रहे हैं।”