Google Cloud: गूगल क्लाउड में आई बड़ी तकनीकी गड़बड़ी, स्पॉटिफाई, स्नैपचैट; यूट्यूब समेत कई सेवाएं प्रभावित
गूगल क्लाउड की तकनीकी समस्या से दुनियाभर में Spotify, Snapchat, Gmail, YouTube जैसी सेवाएं प्रभावित रहीं। समस्या ‘आइडेंटिटी एंड एक्सेस मैनेजमेंट’ सर्विस में आई। गूगल ने समस्या की जड़ पहचान कर सुधार तेज किया है। ताजा अपडेट के अनुसार अमेरिका के एक क्षेत्र को छोड़कर कई जगह सेवाएं फिर से बहाल हो चुकी हैं।

विस्तार
गूगल क्लाउड में गुरुवार को आई बड़ी तकनीकी समस्या के कारण दुनियाभर में लाखों यूज़र्स को परेशानी का सामना करना पड़ा। इस आउटेज से स्पॉटिफाई, डिस्कॉर्ड, स्नैपचैट, ट्विच, शॉपिफाई और एआई कंपनी एंथ्रोपिक जैसी बड़ी सेवाएं प्रभावित हुईं। इसके अलावा गूगल की अपनी सेवाएं जैसे जीमेल, गूगल मीट, यूट्यूब और गूगल सर्च भी कुछ देर के लिए ठप हो गईं।
मामले में गूगल क्लाउड की स्टेटस वेबसाइट पर बताया गया कि यह दिक्कत आइडेंटिटी एंड एक्सेस मैनेजमेंट सर्विस में आई गड़बड़ी के कारण हुई। कंपनी ने बताया कि उनके इंजीनियर इस मुद्दे को ठीक करने में जुटे हैं और कुछ लोकेशनों में सेवाएं बहाल हो चुकी हैं, हालांकि अब भी कई जगह असर बना हुआ है।
गूगल ने शुरू की सुधार प्रक्रिया
सामने आ रही सैकड़ों शिकायतों के बाद गूगल ने अपने ताजा अपडेट में कहा कि हमारी टीम ने समस्या की जड़ पहचान ली है और सुधार की प्रक्रिया शुरू कर दी है। गूगल ने बताया कि अमेरिका के 'यूएस-सेंट्रल1' रीजन को छोड़कर बाकी सभी लोकेशनों में सेवाएं काफी हद तक ठीक हो चुकी हैं। हालांकि अब भी कई यूजर्स को अलग-अलग सेवाओं में दिक्कत आ रही है।
ये भी पढ़ें:- Air India Flight Crash: क्या होता है 'ब्लैक बॉक्स', फ्लाइट क्रैश होने के बाद भी क्यों नहीं होता नष्ट?
ये सेवाएं हुई पूरी तरह प्रभावित
बता दें कि गूगल क्लाउड की तरफ से दी गई जानकारी के अनुसार, इस तकनीकी समस्या से कई सेवाएं प्रभावित हुईं, जिनमें एजेंट असिस्ट, क्लाउड फायरस्टोर, गूगल ऐप इंजन, गूगल बिगक्वेरी, गूगल क्लाउड स्टोरेज, डायलॉगफ्लो, टेक्स्ट-टू-स्पीच, स्पीच-टू-टेक्स्ट और वर्टेक्स एआई सर्च जैसे प्रोडक्ट शामिल हैं। फिलहाल, गूगल ने यह नहीं बताया है कि सेवाएं पूरी तरह कब तक बहाल हो पाएंगी।
स्पॉटिफाई के लिए 44000 शिकायतें
डाउनडिटेक्टर वेबसाइट के मुताबिक, अमेरिका में दोपहर करीब 2:46 बजे (ईटी) स्पॉटिफाई को लेकर 44,000 से ज्यादा शिकायतें दर्ज हुईं, जबकि गूगल क्लाउड को लेकर 10,000 और गूगल मीट व गूगल सर्च को लेकर 4,000 से ज्यादा रिपोर्ट्स आईं। इतना ही नहीं डिस्कोर्ड को लेकर भी 8,000 से अधिक यूजर्स ने समस्याएं दर्ज कराईं।
ये भी पढ़ें:- ChatGPT: डाउन हो जाए चैटजीपीटी तो इन AI प्लेटफॉर्म का लें सकते हैं सहारा, नहीं रुकेगा कोई भी काम
क्लाउडफ्लेयर ने भी की आउटेज की पुष्टि
इसके साथ ही क्लाउडफ्लेयर ने भी गुरुवार को एक आउटेज की पुष्टि की, लेकिन कंपनी ने साफ किया कि उनकी सेवाएं पूरी तरह ठीक थीं और यह समस्या गूगल क्लाउड की गड़बड़ी से जुड़ी हुई थी।