गूगल ने की नई प्राइवेसी पॉलिसी की घोषणा, अब नहीं चलेगी डेवलपर्स की मर्जी

गूगल ने यूजर्स की प्राइवेसी को लेकर बड़ा कदम उठाया है। कंपनी ने अपने एक बयान में कहा है कि उसके यूजर्स की निजता की सुरक्षा उसकी नैतिक जिम्मेदारी है और इसके लिए वह जल्द ही कई सारे नए फीचर्स जारी करेगी। गूगल ने कहा है कि निजता की सुरक्षा पर किसी खास लोगों का अधिकार नहीं होना चाहिए। दुनियाभर के तमाम इंटरनेट यूजर्स को समान रूप से प्राइवेसी और सिक्योरिटी मिलनी चाहिए।
गूगल के चीफ प्राइवेसी ऑफिसर केथ एनराइट ने मीडिया से कहा कि गूगल अपने सभी प्रोडक्ट्स के साथ मिलने वाली प्राइवेसी और सिक्योरिटी को पहले से मजबूत करने की तैयारी में है। इसके अलावा नए अपडेट के बाद यूजर्स के पास अपनी प्राइवेसी की सिक्योरिटी पर पूरा कंट्रोल होगा।
ये भी पढ़ेंः निजता को लेकर गूगल-एपल आमने-सामने, Apple ने कहा- पैसे के लिए विज्ञापन नहीं बेचते
केथ एनराइट ने आगे कहा कि गूगल ने अपने प्रोडक्ट्स को बेहतर बनाने के लिए पहले भी कई कदम उठाए हैं। नए अपडेट के बाद यूजर्स एक टैप से अपने सभी गूगल अकाउंट एक्सेस कर पाएंगे। इसके अलावा कंपनी जल्द ही गूगल मैप्स में भी इंकॉग्निटो मोड (प्राइवेट मोड) जैसे फीचर्स देने वाली है।
केथ के मुताबिक कंपनी इस बात को स्वीकार करती है कि थर्ड पार्टी डेवलपर्स के साथ डाटा शेयरिंग को लेकर उसके पास अच्छी नीतियां हैं, लेकिन इसे और बेहतर बनाने की जरूरत है। वहीं पिछले साल कंपनी ने डेवलपर्स डाटा एक्सेस को लेकर पॉलिसी अपडेट जारी किया था जिसके बाद यूजर्स के निजी डाटा पर डेवलपर्स का कंट्रोल कम हो गया।
ये भी पढ़ेंः गांजा डिलीवरी करने वाले ऐप को गूगल ने प्ले-स्टोर पर किया बैन
केथ एनराइट के मुताबिक गूगल जल्द ही डेवलपर्स पॉलिसी में बदलाव करने वाला है जिसके बाद डेवलपर्स यूजर्स से सिर्फ उन्हीं चीजों का एक्सेस ले सकेंगे जो जरूरी होंगी। साथ ही गूगल क्रोम के जरिए भी डेवलपर्स यूजर्स से अनावश्यक एक्सेस नहीं ले सकेंगे।