Moto Z4 स्मार्टफोन हुआ लॉन्च, 48 मेगापिक्सल कैमरे के साथ मिलेगा दमदार प्रोसेसर

मोटोरोला ने एक लंबे इंतजार के बाद अपना एक नया स्मार्टफोन Moto Z4 लॉन्च कर दिया है, हालांकि इस फोन को फिलहाल अमेरिका और कनाडा में ही लॉन्च किया गया है। वैसे यह उम्मीद की जा रही है कि भारत में भी Moto Z4 को जल्द ही लॉन्च किया जाएगा। Moto Z4 की खासियतों की बात करें तो इसमें 48 मेगापिक्सल का रियर कैमरा है जिसमें सोनी का IMX586 सेंसर इस्तेमाल किया गया है। इसके अलावा फोन में मोटो मॉड का भी सपोर्ट दिया गया है।
Moto Z4 की कीमत और उपलब्धता
मोटोरोला ने Moto Z4 की कीमत $499 यानि करीब 34,900 रुपये तय की है। इस कीमत मे आपको 4 जीबी रैम के साथ 128 जीबी स्टोरेज वाला वेरियंट मिलेगा। अमेरिका में इस फोन की बिक्री 6 जून से होगी, वहीं प्री-बुकिंग शुरू हो गई है। यह फोन फ्लैश ग्रे, फ्रॉस्ट व्हाइट कलर वेरियंट में मिलेगा। फोन के साथ मोटो 360 कैमरा मॉड भी मिलेगा।
ये भी पढ़ेंः PUBG खेलते-खेलते 12वीं के छात्र की मौत, लगातार 3 घंटे से खेल रहा था गेम
Moto Z4 की स्पेसिफिकेशन
Moto Z4 मे एंड्रॉयड पाई 9.0 मिलेगा। इसके अलावा इस फोन को फिलहाल सिंगल सिम सपोर्ट के साथ ही लॉन्च किया गया है, लेकिन उम्मीद है कि इसे भारत में डुअल सिम के साथ पेश किया जाएगा। इस फोन में 6.40 इंच की फुल एचडी प्लस डिस्प्ले है जिसका रिजॉल्यूशन 1080x2340 पिक्सल और आस्पेक्ट रेशियो 19.5:9 है। Moto Z4 में क्वॉलकॉम का स्नैपड्रैगन 675 प्रोसेसर, 4 जीबी रैम और 128 जीबी की स्टोरेज मिलेगी जिसे मेमोरी कार्ड की मदद से 2टीबी तक बढ़ाया जा सकता है।
Moto Z4 का कैमरा
फोन के कैमरे की बात करें तो इसमें सिंगल रियर कैमरा सेटअप है जिसमें 48 मेगापिक्सल का लेंस है और उसका अपर्चर f/1.7 है। कैमरे के साथ आपको डुअल टोन एलईडी फ्लैश लाइट मिलेगी। इस फोन में 25 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा मिलेगा जिसका अपर्चर f/2.0 है।
Moto Z4 की कनेक्टिविटी
कनेक्टिविटी की बात करें तो इस फोन में 4G VoLTE, वाई-फाई, ब्लूटूथ 5.0 और यूएसबी टाइप-सी चार्जिंग है। फोन में इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर मिलेगा। इसमें 3600एमएएच की बैटरी है। इसके साथ आपको 15 वाट का चार्जर मिलेगा। बैटरी फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करती है।