Meta: मेटा पर नार्वे में बड़ी कार्रवाई, सुरक्षा उल्लंघन मामले में हर दिन भरना होगा 82 लाख रुपये जुर्माना
अथॉरिटी ने कहा कि जब तक कंपनी यूजर डाटा प्राइवेसी उल्लंघन को रोकने के लिए कोई एक्शन प्लान नहीं बनाती है, तब तक उसे यह जुर्माना भरना होगा।

विस्तार
नार्वे की डाटा प्रोटेक्शन अथॉरिटी ने सोमवार को कहा कि मेटा को 14 अगस्त से हर दिन 98,500 डॉलर यानी करीब 81.55 लाख रुपये का जुर्माना देना होगा। सोशल मीडिया फर्म पर सुरक्षा उल्लंघन मामले में यह जुर्माना लगाया जाएगा। अथॉरिटी ने इससे पहले भी 17 जुलाई को कहा था कि जब तक कंपनी यूजर डाटा प्राइवेसी उल्लंघन को रोकने के लिए कोई एक्शन प्लान नहीं बनाती है, तब तक उसे यह जुर्माना भरना होगा।
मेटा पर हर दिन लगेगा लाखों का जुर्माना!
बता दें कि डाटाटिल्सिनेट ने कहा था कि मेटा नॉर्वे में यूजर्स डाटा, जैसे कि यूजर्स की फिजिकल लोकेशन को एक्सेस नहीं कर सकता है और न इसका इस्तेमाल विज्ञापन लक्षित करने के लिए किया जा सकता है। डाटा प्रोटेक्शन अथॉरिटी ने कहा कि मेटा जब तक इसको लेकर कोई वैध कार्रवाई नहीं करता है, उससे हर दिन जुर्माना वसूला जाएगा।
डाटाटिल्सिनेट के अंतर्राष्ट्रीय अनुभाग के प्रमुख टोबियास जुडिन ने रॉयटर्स को बताया कि अगले सोमवार से मेटा पर 1 मिलियन क्राउन (यानी करीब 81.55 लाख रुपये) का दैनिक जुर्माना लागू होना शुरू हो जाएगा। यह जुर्माना 3 नवंबर तक चलेगा।
डाटाटिल्सिनेट अपने फैसले को यूरोपीय डाटा प्रोटेक्शन बोर्ड के पास भेजकर इसे स्थायी बना सकता है। यूरोपीय डाटा प्रोटेक्शन बोर्ड के पास नॉर्वेजियन रेगुलेशन के फैसले से सहमत होने पर ऐसा करने की शक्ति है।
मेटा ने पिछले सप्ताह कहा था कि उसका इरादा यूरोपीय संघ में यूजर्स से फेसबुक और इंस्टाग्राम पर यूजर्स को लक्षित विज्ञापन देने के लिए उनकी सहमति मांगने की है।