एआई समिट में तय समय से शामिल होंगे बिल गेट्स: फाउंडेशन ने कहा- निमंत्रण रद्द होने की खबरें अफवाह

नीतीश कुमार
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीनीतीश कुमार
Tue, 17 Feb 2026 01:34 PM IST
सार

Bill Gates In AI Impact Summit 2026:

एआई इम्पैक्ट समिट की वेबसाइट से आज अचानक बिल गेट्स का नाम हटा दिया गया है। उनका नाम हटने के पीछे कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। हालांकि, गेट्स फाउंडेशन ने इन अटकलों पर स्पष्टीकरण जारी कर दिया है।

bill gates name removed from ai impact summit website gates foundation clarification
बिल गेट्स - फोटो : एआई जनरेटेड

    विस्तार

    माइक्रोसॉफ्ट के फाउंडर बिल गेट्स का नाम एआई इम्पैक्ट समिट 2026 की आधिकारिक वेबसाइट पर प्रमुख अतिथियों की सूची से अचानक गायब हो गया है। खास बात यह है कि भारत द्वारा समिट की घोषणा के समय गेट्स का नाम प्रमुख मेहमानों में शामिल था। इससे यह अटकलें लगाई जाने लगी कि एपस्टीन फाइल्स में नाम सामने आने के बाद गेट्स भारत का दौरा स्थगित कर चुके हैं। हालांकि, गेट्स फाउंडेशन ने एक बयान जारी कर स्पष्ट किया है कि वह समिट में शेड्यूल के अनुसार शामिल होंगे।

    एप्सटीन फाइल्स के बाद बढ़ी अटकलें

    30 जनवरी को जारी दस्तावेजों के नए चरण में तथाकथित “एप्सटीन फाइल्स” में बिल गेट्स का नाम सामने आने के बाद यह बदलाव देखा गया। अटकलें लगाई जाने लगीं कि इसी घटनाक्रम के बाद वेबसाइट से उनका नाम हटाया गया है। हालांकि, इस संबंध में भारत सरकार की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि एप्सटीन विवाद के बाद गेट्स के निमंत्रण की 'समीक्षा' की गई।

    गेट्स फाउंडेशन की सफाई

    इन अटकलों के बीच बिल एंड मिलिंडा गेट्स फाउंडेशन ने आधिकारिक बयान जारी कर स्पष्ट किया कि बिल गेट्स समिट में शामिल होंगे और निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अपना मुख्य भाषण भी देंगे। फाउंडेशन ने कहा कि उनकी भागीदारी में कोई बदलाव नहीं हुआ है। फाउंडेशन ने एक एक्स पोस्ट में इसकी जानकारी दी है।

    अन्य बड़े नाम भी शामिल

    एआई समिट की अतिथि सूची में कई वैश्विक टेक दिग्गजों के नाम शामिल हैं। इनमें सैम ऑल्टमैन, सुंदर पिचाई, एलेक्जेंडर वांग, डारियो आमोदेई और क्रिस्टियानो आमोन जैसे कई प्रमुख चेहरे भी शामिल हैं। वहीं, भारत से रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी, टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन, इंफोसिस के सीईओ एवं प्रबंध निदेशक सलील पारेख जैसे टेक लीडर्स भी इवेंट में हिस्सा ले रहे हैं। ऐसे में गेट्स के नाम को लेकर उठे सवालों ने समिट से पहले ही नई बहस छेड़ दी है।

    फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि वेबसाइट से नाम हटाने का फैसला किस स्तर पर और किन कारणों से लिया गया। जब तक भारत सरकार या समिट आयोजकों की ओर से आधिकारिक स्पष्टीकरण नहीं आता, तब तक यह मामला चर्चा का विषय बना रहेगा।

    और पढ़ें...
    Login or Signup
    अपना शहर चुनें