iPhone 17e की लॉन्च डेट कंफर्म: होगा सबसे किफायती आईफोन, नए MacBook और iPad से भी उठेगा पर्दा
iPhone 17e Launch Date:
एपल ने साल 2026 के अपने पहले लॉन्च इवेंट की डेट कंफर्म कर दी है। कंपनी iPhone 17e, किफायती MacBook और नए चिपसेट वाले iPads लॉन्च कर सकती है। जानिए ये प्रोडक्ट्स कौन से नए फीचर्स के साथ पेश किए जाएंगे।

विस्तार
टेक दिग्गज Apple ने 2026 के अपने पहले बड़े लॉन्च इवेंट के लिए कमर कस ली है। कंपनी 4 मार्च को कुछ नए प्रोडक्ट्स लॉन्च करने जा रही है। यह प्रोग्राम तीन शहरों- न्यूयॉर्क, लंदन और शंघाई में एक साथ आयोजित होगा। भारतीय प्रशंसकों के लिए सबसे अच्छी बात यह है कि वे इस इवेंट की अपडेट्स 4 मार्च को शाम 7:30 बजे से देख सकेंगे। फिलहाल कंपनी ने यह साफ नहीं किया है कि इवेंट का लाइव स्ट्रीम होगा या बाद में प्रेस रिलीज के जरिए जानकारी साझा की जाएगी।
iPhone 17e पर टिकी निगाहें
स्मार्टफोन सेगमेंट में सबसे ज्यादा चर्चा iPhone 17e को लेकर है। यह मॉडल पिछले साल आए iPhone 16e को रिप्लेस करेगा। लीक के अनुसार, iPhone 17e में 6.1 इंच की डिस्प्ले और Dynamic Island नॉच के साथ शक्तिशाली A19 चिप मिल सकता है। फोटोग्राफी के लिए 48MP का रियर कैमरा और 18MP का फ्रंट कैमरा मिलने की उम्मीद है। MagSafe सपोर्ट और नया C1X मॉडम दिया जा सकता है। इसकी शुरुआती कीमत 599 डॉलर (करीब 54,359 रुपये) बताई जा रही है।

बजट MacBook होगा बड़ा सरप्राइज
इस इवेंट का सबसे बड़ा आकर्षण एक किफायती MacBook हो सकता है। खबरों की मानें तो एपल पहली बार अपने लैपटॉप में आईफोन वाला A18 Pro चिप इस्तेमाल कर सकता है ताकि इसकी कीमत कम रखी जा सके।
बताया जा रहा है कि इस MacBook में एल्युमिनियम बॉडी और कई रंग विकल्प मिल सकते हैं। इसकी शुरुआती कीमत 1,000 डॉलर (लगभग 90,400 रुपये) से कम रह सकती है, जिससे यह हाल के वर्षों का सबसे किफायती Mac बन सकता है।
कंपनी अपने MacBook Air को नए M5 चिप के साथ अपडेट कर सकती है। इसके अलावा 14 इंच और 16 इंच के MacBook Pro मॉडल में M5 Pro और M5 Max प्रोसेसर मिलने की उम्मीद है। इससे Apple की इन-हाउस सिलिकॉन सीरीज और मजबूत होगी।
कुछ रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया है कि नए Mac के साथ बाहरी डिस्प्ले भी पेश किए जा सकते हैं, हालांकि कंपनी ने अभी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है।

iPads में भी दिखेगा दम
टैबलेट की दुनिया में भी एपल बड़े बदलाव करने जा रहा है। iPad Air को अब M4 चिप के साथ अपडेट किया जा सकता है, जबकि रेगुलर iPad में A18 चिप मिलने की संभावना है। इससे एप्पल के सस्ते आईपैड्स पहले से कहीं ज्यादा तेज और स्मार्ट हो जाएंगे।
एपल ने आधिकारिक तौर पर इन गैजेट्स के स्पेसिफिकेशन को कंफर्म नहीं किया है, लेकिन 4 मार्च को होने वाला यह इवेंट साल 2026 के लिए कंपनी की पूरी रणनीति साफ कर देगा। टेक जगत की नजरें अब इस लॉन्च पर टिकी हैं, जहां यह तय होगा कि Apple आने वाले महीनों में किस दिशा में आगे बढ़ने वाला है।
- Vivo V70 Series: Zeiss कैमरा और 5000 निट्स की ब्राइटनेस के साथ आ रहे हैं दो शानदार फोन, जानें सब कुछ
- AI: एआई समिट में आने से पहले सैम ऑल्टमैन का बड़ा खुलासा, 10 करोड़ भारतीय हर हफ्ते इस्तेमाल कर रहे ये एआई टूल
- X Outage: दुनियाभर में एक्स हुआ डाउन; एप और साइट दोनों में समस्या, महीनेभर में दूसरी बार ठप हुई सर्विस
- चंद्रबाबू नायडू से मिले बिल गेट्स: आंध्र प्रदेश के डिजिटल मॉडल को बताया 'शानदार', कई मुद्दों पर की चर्चा