Airtel: क्या एयरटेल 5G 'अनलिमिटेड डेटा' को हॉटस्पॉट से शेयर नहीं कर सकते? इंटरनेट पर मचे बवाल का ये है असली सच
सोशल मीडिया पर एक खबर वायरल है कि एयरटेल (Airtel) यूजर्स अपना 'अनलिमिटेड 5G डेटा' हॉटस्पॉट के जरिए शेयर नहीं कर सकते। दावों के मुताबिक, ऐसा करने पर डेटा आपके डेली 4G कोटे से कटेगा। लेकिन क्या यह सच है? आइए जानते हैं इन दावों में कितना दम है।

विस्तार
भारतीय टेलीकॉम बाजार में इन दिनों 'अनलिमिटेड 5G' का दबदबा है। देश की प्रमुख टेलीकॉम कंपनी भारती एयरटेल (Bharti Airtel) अपने ग्राहकों को लुभाने के लिए 5G का अनलिमिटेड डेटा मुफ्त में परोस रही है। यूजर्स भी इस सुपरफास्ट स्पीड का भरपूर फायदा उठा रहे हैं। लेकिन, बीते कुछ दिनों से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (पूर्व में ट्विटर) पर एक ऐसी चर्चा छिड़ी हुई है, जिसने एयरटेल के ग्राहकों के माथे पर चिंता की लकीरें ला दी हैं।क्या है वह दावा जिसने उड़ाई यूजर्स की नींद?
दरअसल, इंटरनेट पर एक स्क्रीनशॉट तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें एयरटेल के 'नियम और शर्तों' का हवाला देते हुए यह दावा किया जा रहा है कि आप एयरटेल के अनलिमिटेड 5G डेटा का मजा सिर्फ अपने स्मार्टफोन तक ही सीमित रख सकते हैं।आसान भाषा में कहें तो, अगर आपने सोचा है कि आप अपने फोन का हॉटस्पॉट (Mobile Hotspot) ऑन करके अपने लैपटॉप, स्मार्ट टीवी या परिवार के किसी अन्य सदस्य के फोन में अनलिमिटेड 5G इंटरनेट चला लेंगे, तो दावा किया जा रहा है कि आप ऐसा नहीं कर सकते।
टिप्स्टर्स ने भी दी हवा
इस आग में घी डालने का काम किया टेक जगत के जाने-माने टिप्स्टर्स ने। लोकप्रिय टेक टिप्स्टर उत्सव टेकी (Utsav Techie) और अभिषेक यादव ने अपने-अपने एक्स (X) अकाउंट पर इस कथित नियम का स्क्रीनशॉट साझा किया। इन दावों के अनुसार, जैसे ही आप अपने फोन का हॉटस्पॉट ऑन करके किसी दूसरे डिवाइस को जोड़ेंगे, आपका 'अनलिमिटेड 5G डेटा' काम करना बंद कर देगा। इसके बजाय, इंटरनेट आपके रोजाना मिलने वाले 4G डेटा लिमिट (जैसे 1.5GB या 2GB) से कटना शुरू हो जाएगा।
हमारी पड़ताल में क्या पता चला?
अगर आप भी इस खबर को पढ़कर निराश हो गए हैं, तो आपके लिए एक बड़ी राहत की खबर है। हमारे सूत्रों के मुताबिक, इंटरनेट पर फैलाए जा रहे इस दावे में कोई सच्चाई नहीं है। एयरटेल के ग्राहक पहले की तरह ही अपने मोबाइल हॉटस्पॉट को ऑन करके किसी भी अन्य डिवाइस (लैपटॉप, टीवी या दूसरा फोन) में अनलिमिटेड 5G डेटा का बेझिझक इस्तेमाल कर सकते हैं। एयरटेल ने भी अपनी आधिकारिक वेबसाइट में 5G डेटा उपयोग की शर्तों में हॉटस्पॉट शेयरिंग पर प्रतिबंध की कोई जानकारी नहीं दी है।
हालांकि, इस पूरे विवाद पर फिलहाल भारती एयरटेल की तरफ से कोई भी आधिकारिक बयान या स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है। लेकिन जमीनी हकीकत और सूत्रों की मानें तो यूजर्स को चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है, आपका अनलिमिटेड 5G डेटा शेयरिंग के लिए पूरी तरह से उपलब्ध है।
- Grok: X पर दूसरों का कंटेंट चुराने वालों की अब खैर नहीं, छिन जाएगी कमाई, प्लेटफॉर्म ने बदल दिया ये नियम
- महंगे स्मार्टफोन ने तोड़ी खरीदारों की कमर: भारत में 6 साल की सबसे बड़ी गिरावट, बजट फोन की बिक्री 45% लुढ़की
- Tech Tips: लैपटॉप को Shut Down करें या Sleep Mode पर छोड़ें? जानिए आपके डिवाइस के लिए क्या है सबसे सही
- Tips: गर्मियों में धीमा हो गया है सीलिंग फैन? नए पंखे पर पैसे खर्च करने से पहले अपनाएं ये 5 आसान टिप्स