भारत में 5जी नेटवर्क के लिए एयरटेल और क्वॉलकॉम के बीच हुई साझेदारी

दूरसंचार सेवा प्रदाता कंपनी भारती एयरटेल और चिपनिर्माता क्वॉलकॉम ने भारत में 5जी पर अमल में तेजी लाने के लिए मंगलवार को साझेदारी की घोषणा की। एयरटेल ने हाल ही में हैदराबाद शहर में एक लाइव वाणिज्यिक नेटवर्क पर 5जी सेवा का प्रदर्शन किया है। इस तरह एयरटेल ऐसा करने वाली भारत की पहली दूरसंचार कंपनी बन गयी है।
कंपनी के एक बयान के अनुसार, ‘‘अपने नेटवर्क विक्रेताओं और उपकरण भागीदारों के माध्यम से एयरटेल वर्चुअलाइज्ड और ओपन रैन-आधारित 5जी नेटवर्क की शुरुआत करने के लिए क्वॉलकॉम के 5जी रैन प्लेटफॉर्म का उपयोग करेगी। एयरटेल ओ-रैन साझेदारी के निदेशक मंडल की सदस्य होने के नाते इसे सफल बनाने को प्रतिबद्ध है। कंपनी भारत में ओ-रैन का क्रियान्वयन करने के लिए क्वालकॉम के साथ मिलकर काम कर रही है।’’
बता दें कि एयरटेल ने पिछले महीने ही भारत में 5जी रेडी नेटवर्क की घोषणा की है। Airtel ने हैदराबाद में कमर्शियल तौर पर लाइव 5जी सेवा का सफलतापूर्वक प्रदर्शन किया। ऐसे में Airtel, 5जी का लाइव प्रदर्शन करने वाली देश की पहली टेलीकॉम कंपनी बन गई है। Airtel ने भारत में 5जी नेटवर्क के लिए Ericsson के साथ साझेदारी की है।
एयरटेल ने यह कारनामा अपने मौजूदा लिबरालाइज्ड स्पेक्ट्रम को 1800 मेगाहर्ट्ज बैंड में एनएसए (नॉन स्टैंड अलोन) नेटवर्क तकनीक के माध्यम से किया। अपनी तरह के पहले डायनैमिक स्पेक्ट्रम शेयरिंग का उपयोग करते हुए एयरटेल ने उसी स्पेक्ट्रम ब्लॉक में 5G और 4G को समवर्ती रूप से संचालित किया।
इस प्रदर्शन ने सभी डोमेन - रेडियो, कोर और ट्रांसपोर्ट में एयरटेल के नेटवर्क की 5G तत्परता को सशक्त बनाया है। मौजूदा टेक्नोलॉजी की तुलना में एयरटेल 5G 10x स्पीड, 10x लेटेंसी और 100x कंकरेंसी देने में सक्षम है। लाइव के दौरान हैदराबाद के उपयोगकर्ता 5G फोन पर महज कुछ सेकंडों में एक पूरी फिल्म को डाउनलोड करने में सक्षम थे।