Vedantu: गणित के सवालों का ऑनलाइन जवाब देने वाले एप इंस्टासोल्व को वेदांतु ने खरीदा

शिक्षा क्षेत्र की स्टार्टअप कंपनी वेदांतु ने सोमवार को कहा कि उसने कक्षा छह से 12वीं तक के छात्रों के विज्ञान, गणित के साथ आईआईटीजेईई और एनईईटी से जुड़े सवालों के समाधान देने वाले एप इंस्टासॉल्व का पूर्ण रूप से अधिग्रहण कर लिया है, हालांकि शिक्षा प्रौद्योगिकी कंपनी ने सौदे की राशि का खुलासा नहीं किया है।
इससे पहले, वेदांतु ने इंस्टासॉल्व में 20 लाख डॉलर का वित्त पोषण किया था। वेदांतु के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) और सह-संस्थापक वामसी कृष्ण ने एक बयान में कहा, ‘‘पिछले साल हमने विज्ञान और गणित के सवालों के जवाब देने वाले एप इंस्टासॉल्व में रणनीतिक निवेश का निर्णय किया था। यह ऑनलाइन शिक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण पहलू है। इंस्टासॉल्व में काफी संभावनाएं हैं।’’
उलझे सवालों के जवाब खंड में अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए वेदांतु का शिक्षा प्रौद्योगिकी कंपनी में यह पहला अधिग्रहण है। इस एप में सवालों का जवाब शिक्षक चैट (बातचीत) प्रारूप में देते हैं। इस अधिग्रहण के बाद इंस्टासॉल्व के करीब 10 लाख से अधिक एक्टिव छात्र वेदांतु के हो जाएंगे।
बता दें कि Vedantu के ऑनलाइन कोचिंग प्लेटफॉर्म है जिस पर हर महीने करीब 1.5 लाख लाइव बच्चे क्लास लेते हैं और हर महीने देश के 1,000 शहरों और दुनिया के 40 देशों के 25 मिलियन बच्चे पढ़ाई करते हैं।