RIP Hashtags: एलन मस्क ने कहा- हैशटैग न करें इस्तेमाल, तो क्या खत्म होने वाले हैं हैशटैग?
मस्क ने कहा, "कृपया हैशटैग का उपयोग बंद करें। सिस्टम को अब इनकी आवश्यकता नहीं है और यह बदसूरत लगते हैं।" इस बोल्ड बयान ने X यूजर्स को हैरान कर दिया। कुछ ने उनसे सहमति जताई, जबकि अन्य ने मीम्स और व्यंग्य के माध्यम से अपनी राय व्यक्त की, जिससे यह टिप्पणी वायरल हो गई।

विस्तार
हैशटैग का इस्तेमाल 2007 से सोशल मीडिया में प्रमुखता से होता रहा है। फेसबुक से लेकर इंस्टाग्राम और एक्स पर भी हैशटैग का खूब इस्तेमाल होता है। ट्रेंडिंग टॉपिक्स भी कई बार हैशटैग से ही तय होते हैं, लेकिन अब ऐसा लग रहा है कि एक्स के मालिक एलन मस्क हैशटैग की छुट्टी करने वाले हैं। हैशटैग को लेकर एलन मस्क ने एक नई बहस छेड़ दी है।
मंगलवार को किए गए एक पोस्ट में मस्क ने कहा, "कृपया हैशटैग का उपयोग बंद करें। सिस्टम को अब इनकी आवश्यकता नहीं है और यह बदसूरत लगते हैं।" इस बोल्ड बयान ने X यूजर्स को हैरान कर दिया। कुछ ने उनसे सहमति जताई, जबकि अन्य ने मीम्स और व्यंग्य के माध्यम से अपनी राय व्यक्त की, जिससे यह टिप्पणी वायरल हो गई।
मस्क की टिप्पणी यह सवाल उठाती है कि क्या 2024 में हैशटैग अभी भी प्रासंगिक हैं? X के सर्च एल्गोरिदम और कंटेंट सर्च सिस्टम में हो सकता है कि पोस्ट को खोजने योग्य बनाने के लिए हैशटैग अब आवश्यक न हों। मस्क का तर्क है कि हैशटैग पोस्ट को अव्यवस्थित कर देते हैं और उनके उद्देश्य को अब अधिक प्रभावी प्रणालियों द्वारा प्रतिस्थापित किया जा चुका है।