सेहत के लिए 'वरदान' है WhatsApp का इस्तेमाल, शोध में किया गया दावा

प्रदीप पांडे
टेक डेस्क, अमर उजालाप्रदीप पांडे
Sat, 29 Jun 2019 05:17 PM IST
WhatsApp is Good for Your Health, says Researchers
whatsapp - फोटो : whatsapp

    यदि आप भी सोशल मीडिया पर दिनभर एक्टिव रहते हैं तो आपको लिए खुशखबरी है। एक शोध में दावा किया गया है कि व्हाट्सएप पर अधिक समय बिताना सेहत के लिए अच्छा है। यह शोध इंटरनेशनल जर्नल ऑफ ह्यूमन कंप्यूटर स्टडीज में प्रकाशित की गई है। रिपोर्ट में कहा गया है कि टेक्स्ट मैसेजिंग एप पर ग्रुप में अधिक चैटिंग करने से सकारात्मक मनोवैज्ञानिक प्रभाव पड़ता है।

    दरअसल यह स्टडी ऑनलाइन चैटिंग के मनोवैज्ञानिक प्रभाव को लेकर हुई थी। रिसर्च में यह बात सामने आई है कि व्हाट्सएप पर अधिक समय एक्टिव रहने वाला शख्स अकेलापन महसूस नहीं करता है। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि सोशल मीडिया पर दोस्तों और परिवार से चैटिंग करके लोग खुद को उनके करीब पाते हैं।

    इस रिपोर्ट को लेकर एज हिल यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर लिंडा काय ने कहा, ' सोशल मीडिया को लेकर तमाम तरह की बातें सामने आती हैं कि यह सेहत के लिए अच्छा है या बुरा, लेकिन हम जैसा सोचते हैं, वैसा है नहीं। शोध में हमने पाया कि सोशल मीडिया पर अधिक समय बिताने वाले यूजर्स खुद को अपने दोस्तों और परिवार के करीब पाते हैं। ऐसे में उनके संबंधों में मजबूती आती है।'

    शोध में यह भी कहा गया है कि इसमें चैटिंग ग्रुप्स की सबसे बड़ी भूमिका है, क्योंकि एक ग्रुप में कई तरह के लोग होते हैं जिनसे लोग तमाम तरह की बात करते हैं। इस शोध में 200 लोगों को शामिल किया गया था जिसमें 158 महिलाएं और 42 पुरुष थे। शोध में शामिल यूजर्स की औसत उम्र 24 साल थी। ये लोग प्रतिदिन औसतन 55 मिनट व्हाट्सएप इस्तेमाल करते थे।

    और पढ़ें...