अमेरिकी राष्ट्रपति के आधिकारिक अकाउंट के सारे पोस्ट डिलीट करेगा Twitter, हटाए जाएंगे सभी फॉलोअर्स

प्रदीप पाण्डेय
टेक डेस्क, अमर उजाला, वॉशिंगटनप्रदीप पाण्डेय
Wed, 20 Jan 2021 04:10 PM IST
विज्ञापन
US President Account Joe Biden Twitter starts from zero with no Trump followers
Donald Trump Twitter account - फोटो : Amar Ujala (File Photo)

    ट्विटर इस्तेमाल करने वाले किसी भी व्यक्ति के लिए यह सबसे बुरे सपनों में से एक हो सकता है कि वह सुबह उठे और उसका एक भी ‘फॉलोअर’ ना हो, लेकिन बुधवार को अमेरिका के निवर्तमान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के आधिकारिक अकाउंट के साथ यह असल में होने वाला है।

    ट्विटर ने देश में सत्ता परिवर्तन के साथ ही राष्ट्रपति के आधिकारिक अकाउंट को ‘रीसेट’ करने की योजना बनाई है, जिससे इस अकाउंट के सारे ‘फॉलोअर्स’ हट जाएंगे। ‘ट्विटर’ अकाउंट ‘पोटस’ यानी ‘प्रेसिडेंट ऑफ द यूनाइटेड स्टेट्स’ को ‘पोटस45’ यानी अमेरिका के 45वें राष्ट्रपति के नाम से संग्रहित (आर्काइव) कर दिया जाएगा। इससे पहले पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा के कार्यकल के अकाउंट को भी ‘पोटस44’ के नाम से संग्रहित किया गया था।

    विज्ञापन

    ओबामा के सारे ‘फॉलोअर्स’ सत्ता हस्तांतरण के बाद ट्रंप को मिले ‘पोटस’ अकाउंट पर बरकरार थे। ट्रंप कार्यकाल के इस अकाउंट के वे ‘फॉलोअर्स’ जो नवनिर्वाचित राष्ट्रपति जो बाइडन और नवनिर्वाचित उप राष्ट्रपति कमला हैरिस जैसे प्रासंगिक अकांउट्स को ‘फॉलो’ करते हैं, उन्हें नए अकाउंट को ‘फॉलो’ करने का सुझाव (नोटिफिकेशन) दिया जाएगा। बाइडन का दल इससे खुश नहीं है।

    विज्ञापन
    विज्ञापन

    नवनिर्वाचित राष्ट्रपति के ‘डिजिटल’ मामलों के निदेशक रॉब फैलेहर्टी ने पिछले सप्ताह ट्वीट किया था कि ‘फॉलोअर्स’ को ‘रीसेट’ करने की योजना ‘पूरी तरह से अपर्याप्त है।’ वहीं ट्विटर का कहना है कि ‘रीसेट’ करने से लोगों को नए अकाउंट को ‘फॉलो’ करने या न करने का विकल्प मिलता है। गौरतलब है कि ट्विटर ट्रंप के आपत्तिजनक और भ्रामक ट्वीट की वजह से उनके निजी ‘रियलडोनाल्डट्रंप’ अकाउंट पर हमेशा के लिए प्रतिबंध लगा चुका है।

    जो बाइडन 20 जनवरी को अमेरिका के राष्ट्रपति पद का कार्यभार संभालेंगे और उन्हें नया ‘पोटस’ अकाउंट मिलेगा। इसके साथ ही ट्रंप कार्यकाल से जुड़े ‘पोटस’ और ‘फोटस’ (अमेरिका की प्रथम महिला) जैसे अन्य आधिकारिक अकाउंट को भी संग्रहित कर दिया जाएगा।

    इस बीच, फेसबुक ने अपनी नीति में कोई बदलाव नहीं किया है और व्हाइट हाउस के फेसबुक और इंस्टाग्राम अकाउंट पर नए प्रशासन के कार्यभार संभालने के बाद भी ‘फॉलोअर्स’ उतने ही बने रहेंगे, जितने अभी हैं।

    और पढ़ें...
    Login or Signup
    अपना शहर चुनें