ट्विटर ने भारत के लिए जारी किया वॉयस डीएम फीचर, ऐसे करें इस्तेमाल

माइक्रो ब्लॉगिंग साइट ट्विटर (Twitter) ने अपने डायरेक्ट मैसेजिंग (डीएम) प्लेटफॉर्म के लिए नया वॉयस मैसेजिंग फीचर जारी किया है। ट्विटर का वॉयस डीएम फीचर भारत, ब्राजील और जापान के लिए आज यानी 17 फरवरी से लाइव हो जाएगा। इस फीचर के आने के बाद यूजर्स डायरेक्ट मैसेज के तौर पर वॉयस मैसेज भेज सकेंगे। वॉयस ट्वीट की तरह ही वॉयस मैसेज भी 140 सेकेंड लंबा होगा। यह फीचर एंड्रॉयड और आईओएस दोनों यूजर्स के लिए होगा।
अब सवाल यह है कि आखिर इस नए फीचर का इस्तेमाल कैसे किया जाए तो पहला काम यह है कि आप अपने एप को अपडेट करें। इसके बाद डायरेक्ट मैसेजिंग वाले बॉक्स में जाएं और वॉयस रिकॉर्डिंग वाले बटन पर क्लिक करें। इसके बाद मैसेज रिकॉर्ड करें और भेज दें। मैसेज भेजने से पहले आप उसे सुन भी सकते हैं। प्राप्त हुआ वॉयस मैसेज को मोबाइल एप और डेस्कटॉप दोनों पर सुना जा सकेगा।
नए फीचर को लेकर ट्विटर ने अपने एक बयान में कहा है कि भारत हमारे लिए एक बहुत ही महत्वपूर्ण मार्केट है, इसलिए हम अपने सभी फीचर्स को भारत में लगातार पेश कर रहे हैं। वॉयस मैसेज देश के करोड़ों यूजर्स को एक नया अनुभव देगा।
बता दें कि Twitter ने पहली बार ऑडियो मैसेजिंग की शुरुआत पिछले साल जून में की थी। उस दौरान वॉयस ट्वीट का फीचर जारी किया गया था और उसके बाद अब वॉयस मैसेजिंग का फीचर लाइव हुआ है।