ब्लू टिक के बाद ट्विटर का बड़ा कदम, मीडिया हाउस के अकाउंट से हटाए सरकार से फंडेड और स्टेट एफिलिएटेड लेबल
ट्विटर ने मीडिया हाउस के ट्विटर हैंडल के साथ दिखने वाले सरकार द्वारा वित्त पोषित (Government-funded) और चीन राज्य-संबद्ध (China state-affiliated) लेबल हटा दिए हैं।

विस्तार
ट्विटर ने लिगेसी ब्लू टिक को हटाने के बाद एक और बड़ा कदम उठाया है। ट्विटर ने मीडिया हाउस के ट्विटर हैंडल के साथ दिखने वाले सरकार द्वारा वित्त पोषित (Government-funded) और चीन राज्य-संबद्ध (China state-affiliated) लेबल हटा दिए हैं। ट्विटर ने अमेरिका के नेशनल पब्लिक रेडियो (NPR), ब्रिटिश ब्रॉडकास्टिंग कॉर्प और कैनेडियन ब्रॉडकास्टिंग कॉर्पोरेशन (CBC) के खातों से "सरकार द्वारा वित्त पोषित मीडिया" लेबल हटा दिया है। इसके अलावा ट्विटर ने सिन्हुआ न्यूज (Xinhua News) के साथ-साथ सरकार समर्थित प्रकाशनों से जुड़े पत्रकारों के खातों पर "चीन राज्य-संबद्ध मीडिया" टैग को भी हटा दिया।
ट्विटर ने 2020 में ही चीनी प्रकाशकों के अकाउंट और उनके वरिष्ठ कर्मचारियों के साथ-साथ कुछ प्रमुख सरकारी अधिकारी शामिल के अकाउंट के साथ लेबल लगाया था, जबकि एनपीआर और सीबीसी के साथ लेबल की शुरुआत इस महीने ही हुई थी। लेबल लगने के बाद इन दोनों मीडिया हाउस ने अपने अकाउंट से पोस्ट करना बंद कर दिया था और कहा था कि उनको गलत लेबल मिला है।
पिछले सप्ताह ही एलन मस्क ने BBC की एक रिपोर्ट पर आपत्ति की थी और बीबीसी को सरकार से सहायता प्राप्त मीडिया हाउस का लेबल दे दिया था। मस्क ने कहा था, "हमारा लक्ष्य जितना संभव हो उतना सच्चा और सटीक होना है। हम लेबल को 'सार्वजनिक रूप से वित्त पोषित' करने के लिए समायोजित कर रहे हैं, जो मुझे लगता है कि शायद बहुत आपत्तिजनक नहीं है।"
बता दें कि Twitter ने लिगेसी ब्लू टिक को हटा दिया है जिसके बाद तमाम पत्रकारों, सरकार, मीडिया हाउस और सेलेब्रिटी के अकाउंट से ब्लू टिक गायब हुए हैं। एलन मस्क ने कहा है कि जिसे ब्लू टिक चाहिए, उसे ट्विटर ब्लू का सब्सक्रिप्शन लेना होगा जो कि एक पेड सर्विस है।
- Twitter Alternative: ट्विटर की टक्कर में जैक डॉर्सी ने लॉन्च किया Bluesky, यह अल्टरनेटिव भी जान लीजिए
- 144Hz रिफ्रेश रेट के साथ Vivo Pad 2 हुआ लॉन्च, इसमें है 10000mAh की बैटरी
- Twitter Blue Tick: अमिताभ बच्चन को पैसे देने के बाद भी नहीं मिला ब्लू टिक वापस, कहा- अब का, गोड़वा जोड़े पड़ी
- Canon ने भारत में लॉन्च किया नया टेलीफोटो जूम लेंस, मिलेगा 300mm तक का जूम