Twitter के लिए सबसे बड़ी मुसीबत बना Threads, 18 घंटे में हुए तीन करोड़ डाउनलोड
Threads में कीवर्ड या हैशटैग को सर्च करने की सुविधा नहीं है। ऐसे में आप किसी इवेंट को रियल टाइम में फॉलो नहीं कर सकते। इसके अलावा इसमें डायरेक्ट मैसेजिंग की सुविधा भी नहीं है। Threads को सिर्फ एप पर ही इस्तेमाल किया जा सकता है।

विस्तार
Meta ने ट्विटर की टक्कर में अपने माइक्रोब्लॉगिंग एप Threads को लॉन्च किया है। लॉन्चिंग के महज दो घंटे के अंदर ही Threads को 20 लाख लोगों ने डाउनलोड किया था और अब महज 18 घंटे में इसके डाउनलोड का आंकड़ा 30 मिलियन यानी 3 करोड़ पहुंच गया है। ऐसे में एलन मस्क के Twitter के लिए Threads सबसे बड़ा प्रतिद्वंदी बन गया है। Threads के वायरल होने का सबसे बड़ा कारण इंस्टाग्राम है। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि 1 करोड़ डाउनलोड्स की संख्या को पार करने में ट्विटर को दो साल का वक्त लगा था।
Threads को लोग "Twitter-Killer" कह रहे हैं। लॉन्चिंग के बाद ब्रिटेन और अमेरिका में एपल के एप स्टोर पर Threads डाउनलोड होने वाले टॉप-3 एप्स में शामिल हो गया था। एलन मस्क और मार्क जकरबर्ग के बीच सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को लेकर लंबे समय से ही विवाद चल रहा है।
एलन मस्क ने पिछले साल ट्विटर को करीब 3,64,130 करोड़ रुपये में खरीदा था और उसके बाद से ही ट्विटर में हर रोज बदलाव हो रहे हैं। सबसे बड़ा बखेड़ा तब खड़ा हुआ जब पिछले सप्ताह एलन मस्क ने ट्विटर पर पाबंदी लगी दी। एलन मस्क ने कहा कि बिना अकाउंट वाले लोग ट्वीट नहीं पढ़ सकेंगे। इसके अलावा उन्होंने फ्री अकाउंट वालों पर ट्वीट देखने की सीमा भी तय की है।