एक और मुसीबत: राहुल गांधी का इंस्टाग्राम अकाउंट हो सकता है ब्लॉक, बाल आयोग ने फेसबुक को किया तलब

प्रदीप पाण्डेय
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीप्रदीप पाण्डेय
Sat, 14 Aug 2021 09:28 AM IST
सार

फेसबुक को पत्र लिखकर एनसीपीसीआर ने कहा कि उसने राहुल गांधी के इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया हुआ एक वीडियो देखा है जिसमें बच्ची के माता-पिता की पहचान उजागर होती है। उसके मुताबिक, इस वीडियो में बच्ची के पिता और माता का चेहरा स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है जो कानून का उल्लंघन है।

NCPCR asks Facebook India head Satya Yadav to appear before on Aug 17 along with details of action taken against Congress MP Rahul Gandhi Instagram profile
Rahul Gandhi - फोटो : amarujala

    विस्तार

    राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग (NCPCR) ने हाल ही में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के इंस्टाग्राम अकाउंट और फेसबुक अकाउंट को लेकर फेसबुक को चिट्टी लिखकर कार्रवाई की मांग थी। आयोग का कहना है कि राहुल गांधी ने रेप पीड़िता के माता-पिता की पहचान उजागर करके पॉक्सो एक्ट का उल्लंघन किया है। ऐसे में उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। अब आयोग ने फेसबुक इंडिया (ट्रस्ट एंड सेफ्टी) के प्रमुख सत्य यादव को 17 अगस्त को शाम 5 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से पेश होने के लिए कहा है।

    फेसबुक को पत्र लिखकर एनसीपीसीआर ने कहा कि उसने राहुल गांधी के इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया हुआ एक वीडियो देखा है जिसमें बच्ची के माता-पिता की पहचान उजागर होती है। उसके मुताबिक, इस वीडियो में बच्ची के पिता और माता का चेहरा स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है जो कानून का उल्लंघन है।

    आयोग ने फेसबुक से कहा कि राहुल गांधी के इंस्टाग्राम प्रोफाइल को लेकर वह उचित कार्रवाई करे क्योंकि जो वीडियो डाला गया है वह किशोर न्याय कानून, 2015 और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण कानून (पॉक्सो) और भारतीय दंड संहिता की विभिन्न प्रावधानों का उल्लंघन है। उसने कहा कि इस वीडियो को इंस्टाग्राम से हटाया जाए। एनसीपीसीआर का कहना है कि बच्ची के माता-पिता की पहचान उजागर करने से किशोर न्याय कानून की धारा 74, पॉक्सो कानून की धारा 23 और भारतीय दंड संहिता की धारा 228ए का उल्लंघन हुआ है।

    राहुल के पक्ष में पीड़िता की मां

    एक ओर जहां बाल आयोग राहुल गांधी पर कार्रवाई की मांग कर रहा है, वहीं दूसरी ओर दुष्कर्म पीड़िता की मां राहुल के पक्ष में आ गई हैं। उनका कहना है कि उन्हें किसी फोटो या ट्वीट पर कोई आपत्ति नहीं है। वहीं राहुल गांधी ने सरकार पर सीधा हमला बोला है। राहुल गांधी का कहना है कि मोदी सरकार संसद में बोलने नहीं देती है और सोशल मीडिया पर कुछ बोलने पर अकाउंट ब्लॉक करा देती है।

    राहुल गांधी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से एक ग्राफिक्स भी शेयर किया है जिसमें ट्विटर के लोगो को रस्सियों से बांधा गया है और कैप्शन लिखा है 'डिजिटल दादागिरी नहीं चलेगी'। बता दें कि हाल ही में राहुल गांधी का ट्विटर अकाउंट कुछ देर के लिए ब्लॉक हुआ था और ब्लू टिक भी हट गया था।

    और पढ़ें...