Facebook: फेसबुक ने जारी किया कमाल का फीचर, अब वीडियो एडिट और अपलोड करना होगा आसान
Facebook ने रिफाइंड एडिटिंग टूल्स, एचडीआर में वीडियो अपलोड करने की क्षमता और पुराने वॉच टैब के स्थान पर वीडियो टैब जैसी कई सुविधाओं को जोड़ा है।

विस्तार
मेटा के स्वामित्व वाले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक (Facebook) ने यूजर्स की सुविधा के लिए वीडियो फीचर्स में कई अपग्रेड करने की घोषणा कर दी है। कंपनी ने एक नए वीडियो टैब जोड़ा है। इस टैब की मदद से वीडियो को एडिट करना और अपलोड करना आसान हो जाएगा। साथ ही कंपनी ने रिफाइंड एडिटिंग टूल्स, एचडीआर में वीडियो अपलोड करने की क्षमता और पुराने वॉच टैब के स्थान पर वीडियो टैब जैसी कई सुविधाओं को भी जोड़ा है।
नए एडिटिंग टूल की मदद से यूजर्स को अपने वीडियो में म्यूजिक, फिल्टर और अन्य इफेक्ट जोड़ने में आसानी होगी। यूजर्स अपने वीडियो को ट्रिम और कट करने के साथ टाइटल और कैप्शन भी एड कर सकेंगे। साथ ही यूजर्स एचडीआर में वीडियो अपलोड कर सकेंगे, जिससे ज्यादा शानदार कलर और क्वालिटी वाली वीडियो को अपलोड किया जा सकेगा।
नया वीडियो टैब यूजर्स के लिए फेसबुक पर वीडियो ढूंढना और देखना आसान बना देगा। कंपनी ने पुराने वॉच टैब को इसके साथ बदल दिया और कहा कि यह जल्द ही शॉर्टकट बार पर दिखाई देगा। मेटा इसे "फेसबुक पर रील्स, लंबी वीडियो और लाइव कंटेंट सहित सभी वीडियो के लिए वन-स्टॉप शॉप" कहता है। मेटा के अनुसार, "वीडियो" ऑप्शन एंड्रॉयड एप के टॉप पर और आईओएस वर्जन के नीचे होगा।