पटना कारोबारी के कंप्यूटर पर हुआ साइबर हमला, मांगे तीन करोड़

दुनिया के कई देशों में हुए साइबर हमले का शिकार पटना का एक कारोबारी भी हुआ है। शनिवार को यह मामला उस वक्त सामने आया जब पटना के एक बडे़ व्यवसायी अमित कुमार वर्मा के कंप्यूटर ने काम करना बंद कर दिया। माना जा रहा है कि रेनसमवेयर नाम के वायरस ने उनके सिस्टम को बुरी तरह प्रभावित किया है।
हैकर ने सिस्टम के सभी डाटा को ब्लॉक कर दिया है। डाटा को रिलीज करने के बदले तीन करोड़ रुपये की मांग की गई है। इस घटना से परेशान अमित ने कदमकुंआ थाने में मामला दर्ज करवाया है। कदमकुंआ थानाध्यक्ष गुलाम सरवर ने कहा कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
बाकरगंज की पहलवान गली में एसएसएगे इंटरप्राइजेज नाम से व्यवसाय करने वाले अमित ने बताया कि शनिवार दोपहर बाद हैकरों ने उनके कंप्यूटर को हैक कर लिया। जैसे ही वे किसी भी फाइल को खोलने के लिए उसपर क्लिक करते हैं, तो वह फाइल इनक्रिप्टेड दिखाता है। उसके बाद स्क्रीन पर एक मैसेज दिख रहा है जिसमें 300 डॉलर ब्रिटक्वाइन की मांग की जा रही है।