PUBG Mobile जल्द कर सकता है भारत में वापसी, Airtel से चल रही है बात

यदि आप भी पबजी मोबाइल गेम के दीवाने हैं और बैन लगने के कारण दुखी हैं तो यह खबर आपके लिए है। खबर है कि एयरटेल और पबजी मोबाइल के बीच बातचीत चल रही है। यदि बातचीत सफल रहती है तो पबजी मोबाइल जल्द ही भारतीय बाजार में वापसी करेगा।
अंग्रेजी टेक वेबसाइट Entrackr की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि रिलायंस जियो के साथ बातचीत विफल होने के बाद पबजी कॉरपोरेशन अब एयरटेल के साथ बात कर रहा है, हालांकि एयरटेल और पबजी की बातचीत फिलहाल शुरुआती चरण में ही है। वहीं इस रिपोर्ट पर पबजी और एयरटेल की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
बता दें कि हाल ही में सेंसर टॉवर की एक रिपोर्ट में कहा गया था कि पबजी की डाउनलोडिंग में भारी कमी देखने को मिली है। रिपोर्ट में पबजी मोबाइल की ग्लोबल डाउनलोडिंग 14.6 मिलियन थी जो कि सितंबर में 26.7 फीसदी गिरकर 10.7 मिलियन रह गई।
पिछले महीने ही एक अन्य रिपोर्ट में कहा गया था कि पबजी की भारत में वापसी को लेकर पबजी और रिलायंस जियो के बीच बात हो रही है। रिपोर्ट में यहां तक दावा किया गया था कि हिस्सेदारी को लेकर दोनों कंपनियों की लीगल टीमों के बीच बात हो रही है।