MobiKwik ने सुशांत कश्यप को बनाया पेमेंट गेटवे का हेड, 400 फीसदी ग्रोथ का रखा लक्ष्य

मोबाइल वॉलेट कंपनी मोबिक्विक ने अपने पेमेंट गेटवे कारोबार को नई ऊंचाई पर पहुंचाने के लिए सुशांत कश्यप को पेमेंट गेटवे और अंतरराष्ट्रीय कारोबार का प्रमुख नियुक्त किया है। साथ ही कंपनी ने अगले 1 साल में अपने पेमेंट गेटवे कारोबार में 400 फीसदी की वृद्धि का लक्ष्य रखा है।
कंपनी कुछ नए भौगोलिक क्षेत्र में भी अपनी पहुंच बनाने के लिए काम कर रही है। बता दें कि डिजिटल पेमेंट को बढ़ावा देने के लिए साल 2011 में मोबिक्विक के पेमेंट गेटवे को लांच किया गया था। मोबिक्विक की सह-संस्थापक और निदेशक उपासना टाकू ने अपने एक बयान में कहा, 'मोबिक्विक पेमेंट गेटवे सबसे तेजी से विकसित होते क्षेत्रों में से एक है जो हमारे विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।'
ये भी पढ़ेंः MobiKwik ने लांच किया डिजिटल इंश्योरेंस, सिर्फ 10 सेकेंड में मिलेगा 1 लाख तक का बीमा
वहीं सुशांत कश्यप ने कहा कि पिछले दो सालों में, खासतौर पर नोटबंदी के बाद भारत ने डिजिटल भुगतान के क्षेत्र में तेजी से विकास किया है। यही वजह है कि मोबिक्विक ने इस वित्तीय वर्ष में 400 फीसदी वृद्धि लक्ष्य तय किया है। सुशांत को 16 सालों का अनुभव है। उन्होंने भारती एयरटेल में भी काम किया है।
गौरतलब है कि MobiKwik ने पिछले महीने ही डिजिटल इंश्योरेंस का ऐलान किया है जिसके बाद मोबिक्विक के ऐप के जरिए ही यूजर्स बीमा ले सकेंगे। मोबिक्विक की इस सेवा के जरिए यूजर्स स्वास्थ्य एवं सामान्य बीमा सिर्फ 10 सेकेंड में ले सकेंगे। कंपनी का कहना है कि 20 रुपये की राशि में आप 1 साल तक के लिए 1 लाख रुपये तक का बीमा खरीद सकते हैं। मोबिक्विक ऐप में आपको बीमा संबंधी कई सुझाव भी मिलेंगे जो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और मशीन लर्निंग के डाटा पर आधारित होंगे।