Instagram यूजर्स का पासवर्ड हुआ लीक, कंपनी ने दी यह सलाह

फोटो शेयरिंग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम में एक बग के कारण कई यूजर्स का पासवर्ड लीक हो गया है, हालांकि इंस्टाग्राम के एक प्रवक्ता ने कहा है कि लीक हुए पासवर्ड की संख्या बहुत ही कम है और इस बग को अब फिक्स कर लिया गया है। दरअसल इंस्टाग्राम के एक फीचर के जरिए ही लोगों के पासवर्ड लीक हुए हैं।
बता दें कि इसी साल अप्रैल में इंस्टाग्राम ने डाटा डाउनलोड करने का विकल्प दिया था और इसी फीचर के जरिए इंस्टाग्राम यूजर्स के पासवर्ड लीक हुए हैं। फेसबुक के स्वामित्व वाले इंस्टाग्राम ने जेनरल डाटा प्रोटेक्शन रेग्लुलेशन (GDPR) लागू होने के बाद अपने यूजर्स को उनके डाटा को डाउनलोड करने का विकल्प दिया था।
कंपनी के बयान के मुताबिक जिन यूजर्स ने अपनी लॉगिन डिटेल्स को 'Download Your Data' फीचर में सेव किया है उनके ही पासवर्ड डाउनलोड पेज के यूआरएल से लीक हुए हैं। वहीं कंपनी ने एक प्रवक्ता ने यह भी कहा है कि इंस्टाग्राम के पासवर्ड फेसबुक के सर्वर में सेव होते हैं ऐसे में इसका असर फेसबुक की सिक्योरिटी पर भी पड़ सकता है।
ये भी पढ़ेंः WhatsApp पर करते हैं ये 7 काम तो बंद कर दीजिए, हमेशा के लिए हो सकते हैं ब्लॉक
इंस्टाग्राम ने इस लीक के बाद कहा है कि वैसे तो बग को फिक्स कर लिया गया है और लोगों के पासवर्ड को बाजार में जाने से रोक लिया गया है लेकिन यूजर्स को सलाह दी जाती है कि वह सुरक्षा के लिहाज से अपना पासवर्ड बदल लें।
गौरतलब है कि इंस्टाग्राम ने इसी साल अगस्त में सभी यूजर्स को अकाउंट वेरिफाई कराने का विकल्प दे दिया है। अब कोई भी इंस्टाग्राम यूजर अपने अकाउंट को ब्लू टिक के साथ वेरिफाई करा सकता है। फेसबुक के स्वामित्व वाले इंस्टाग्राम ने अकाउंट वेरिफिकेशन को सिक्योरिटी फीचर बताया है। खास बात यह है कि आप इंस्टाग्राम ऐप से ही अकाउंट वेरिफिकेशन के लिए अप्लाई कर सकते हैं।