समझने वाली बात: गूगल वॉलेट और गूगल पे दोनों में क्या है अंतर, कैसे हैं एक-दूसरे से अलग
गूगल वॉलेट का भारतीय वर्जन ग्लोबल वर्जन से काफी अलग है। भारतीय वर्जन में बैंक कार्ड एड नहीं किए जा सकते हैं और पेमेंट नहीं किया जा सकता है, जबकि ग्लोबल वर्जन से पेमेंट हो सकता है और बैंक कार्ड भी एड किए जा सकते हैं।

विस्तार
गूगल ने हाल ही में गूगल वॉलेट को भारत में लॉन्च किया है। भारत से पहले यह ग्लोबली उपलब्ध था। अन्य देशों में गूगल वॉलेट की सफलता के बाद ही इसे भारत में लॉन्च किया गया है। गूगल प्ले-स्टोर पर इसके डाउनलोड्स की संख्या 5 लाख से अधिक दिख रही है। गूगल वॉलेट की लॉन्चिंग के बाद से यूजर्स इस दुविधा में हैं कि कहीं यह गूगल पे को बंद करने की शुरुआत को नहीं है। आइए जरा समझने की कोशिश करते हैं कि गूगल पे और गूगल वॉलेट एक-दूसरे से अलग कैसे हैं?
गूगल वॉलेट का भारतीय वर्जन ग्लोबल वर्जन से काफी अलग है। भारतीय वर्जन में बैंक कार्ड एड नहीं किए जा सकते हैं और पेमेंट नहीं किया जा सकता है, जबकि ग्लोबल वर्जन से पेमेंट हो सकता है और बैंक कार्ड भी एड किए जा सकते हैं। गूगल वॉलेट को सिर्फ एंड्रॉयड यूजर्स के लिए उपलब्ध कराया गया है जबकि गूगल पे सभी के लिए उपलब्ध है।
गूगल वॉलेट को इस्तेमाल करने के लिए आपको इसमें अपने गूगल अकाउंट से लॉगिन करना होगा। उसके बाद आपके फ्लाइट बुकिंग का टिकट, मूवी टिकट, वाउचर आदि इसमें दिखने लगेंगे। गूगल वॉलेट की सबसे खास बात यह है कि यह फ्लाइट के बारे में रियल टाइम अपडेट देगा और लेट होने पर रिमाइंडर भी देगा।