शाओमी ने लांच किया 10GB रैम वाला दुनिया का पहला स्मार्टफोन

चीन की स्मार्टफोन निर्माता कंपनी शाओमी ने दुनिया का पहला 10 जीबी रैम वाला स्मार्टफोन शाओमी ब्लैक शार्क हेलो लांच कर दिया है। शाओमी ने इस फोन को फिलहाल चीन में लांच किया है। बता दें कि ब्लैक शार्क हेलो, इसी साल अप्रैल में लांच हुए शाओमी ब्लैक शार्क का अपग्रेडेड वर्जन है। शाओमी ब्लैक शार्क हेलो की टक्कर रेजरफोन 2 से होगी। इस फोन की खासियत की बात करें तो इसमें लिक्विड कूलिंग टेक्नोलॉजी है जो फोन को गर्म नहीं होने देगी और इसमें 10 जीबी रैम है।
शाओमी ब्लैक शार्क हेलो की कीमत
Xiaomi Black Shark हेलो की कीमत की बात करें तो चीन में इस फोन के 6 जीबी रैम व 128 जीबी स्टोरेज वेरियंट की कीमत 3,199 चीनी युआन यानि करीब 34,100 रुपये है, वहीं 10 जीबी रैम व 256 जीबी स्टोरेज वाले वेरियंट की कीमत 4199 चीनी युआन यानि करीब 44,500 रुपये है। चीन में इसकी बिक्री 30 अक्टूबर से होगी।
शाओमी ब्लैक शार्क हेलो की स्पेसिफिकेशन
इस फोन में डुअल सिम सपोर्ट और 6.01 इंच की फुल एचडी प्लस डिस्प्ले है जिसका रिजॉल्यूशन 1080x2160 पिक्सल और आस्पेक्ट रेशियो 18:9 है। ब्लैक शार्क हेलो में क्वॉलकॉम का स्नैपड्रैगन 845 प्रोसेसर, ग्राफिक्स के लिए एड्रेनो 630 GPU, 6GB, 8GB तथा 10GB रैम और 128 व 256 जीबी की स्टोरेज मिलेगी।
फोन के कैमरे की बात करें तो इसमें डुअल रियर कैमरा है जिसमें एक कैमरा 12 मेगापिक्सल का और दूसरा 20 मेगापिक्सल का है। वहीं फ्रंट कैमरा भी 20 मेगापिक्सल का है। दोनों कैमरे के साथ फ्लैश लाइट मिलेगी। इस फोन में 4000mAh की बैटरी है जो क्विक चार्ज 3.0 को सपोर्ट करता है। कनेक्टिविटी के लिए फोन में 4G LTE, वाई-फाई, ब्लूटूथ 5.0, जीपीएस है।