WhatsApp: व्हाट्एसप में आया गजब का फीचर, वॉयस मैसेज अपने आप टेक्स्ट में बदल जाएंगे
यह नया फीचर उन लोगों के लिए काफी उपयोगी साबित होगा, जो हर बार वॉयस मैसेज सुनने की बजाय सीधे टेक्स्ट में उसका कंटेंट पढ़ना चाहते हैं। WhatsApp भविष्य में और अधिक भाषाओं के लिए इस फीचर का विस्तार कर सकता है, जिससे यह सुविधा और अधिक उपयोगकर्ताओं के लिए उपलब्ध हो सकेगी।

विस्तार
WhatsApp ने भारत में अपने उपयोगकर्ताओं के लिए वॉयस मैसेज ट्रांसक्रिप्शन फीचर को रोलआउट करना शुरू कर दिया है। इस फीचर की घोषणा नवंबर 2024 में की गई थी और अब यह एंड्रॉयड यूजर्स के लिए उपलब्ध हो चुका है। जल्द ही इसे iOS यूजर्स के लिए भी जारी किया जाएगा। यह फीचर खासकर तब उपयोगी होगा जब उपयोगकर्ता शोरगुल भरे माहौल में हों या मल्टीटास्किंग कर रहे हों और वॉयस मैसेज को सुनना संभव न हो।
WhatsApp का यह फीचर पूरी तरह से ऑन-डिवाइस प्रोसेसिंग के जरिए काम करता है, जिससे वॉयस मैसेज और उसका ट्रांसक्रिप्ट पूरी तरह से निजी रहता है। WhatsApp का कहना है कि यह पूरा प्रोसेस स्थानीय स्तर पर डिवाइस पर ही होता है और कंपनी को इन मैसेजेस या ट्रांसक्रिप्शन का कोई एक्सेस नहीं मिलेगा।
वर्तमान में, यह फीचर अंग्रेजी, स्पेनिश, पुर्तगाली और रूसी भाषा के वॉयस मैसेज को ट्रांसक्राइब कर सकता है। हालांकि, अभी हिंदी भाषा के लिए आधिकारिक समर्थन नहीं है, लेकिन कुछ मामलों में WhatsApp हिंदी वॉयस मैसेज के ट्रांसक्रिप्शन को भी दिखा रहा है। उम्मीद की जा रही है कि आने वाले समय में यह सुविधा हिंदी समेत अन्य भाषाओं के लिए भी उपलब्ध होगी।