iPhone 12 Mini Review: एक हैंडी और कॉम्पैक्ट स्मार्टफोन
आईफोन 12 में 6.1 इंच की OLED सुपर रेटिना एक्सडीआर डिस्प्ले है जिसका रिजॉल्यूशन 1170x2532 पिक्सल है और ब्राइटनेस 1200 निट्स है।

विस्तार
लॉन्चिंग के दौरान आईफोन 12 मिनी की चर्चा काफी थी। iPhone 12 Mini को कोई क्यूट तो कोई सेक्सी फोन के तमगे से नवाज रहा था लेकिन जब खरीदने की बारी आई तो लोगों ने इसे नकार दिया। iPhone 12 Mini में आईफोन 12 के मुकाबले कोई बदलाव नहीं दिखेगा। सिर्फ साइज का फर्क है और साइज की वजह से ही इस फोन की मांग बाजार में अन्य के मुकाबले कम है। iPhone 12 mini की शुरुआती कीमत 69,900 रुपये है। इस कीमत में 64 जीबी स्टोरेज वेरियंट मिलेगा। वहीं 128 जीबी स्टोरेज वेरियंट की कीमत 74,900 रुपये और 256 जीबी की कीमत 84,900 रुपये है। इस फोन को हमनें एक महीने तक प्राइमरी फोन के तौर पर इस्तेमाल किया है। आइए रिव्यू जानते हैं...

iPhone 12 mini आपके लिए क्यों हो सकता है एक परफेक्ट फोन?
इस रिव्यू में हम iPhone 12 mini की डिजाइन की बात नहीं करेंगे। सिर्फ परफॉर्मेंस और एक्सपेरियंस की बात होगी, क्योंकि आईफोन 12 के मुकाबले इसकी डिजाइन में कोई बदलाव नहीं है। यदि आप डिजाइन के बारे में जानना चाहते हैं तो आईफोन 12 का हमारा रिव्यू आप पढ़ सकते हैं।

पहली बात तो यह है कि आईफोन 12 मिनी सभी के लिए नहीं है। यह फोन उनलोगों के लिए नहीं है जो बड़ी स्क्रीन चाहते हैं। यह फोन उनलोगों के लिए नहीं है जो हेवी गेमर्स हैं, लेकिन यह फोन उन सभी लोगों के लिए है जो एक कॉम्पैक्ट और पावरफुल स्मार्टफोन चाहते हैं। एक हाथ से आईफोन 12 मिनी को इस्तेमाल करना सुकूनभरा रहा। फोन का वजन 133 ग्राम है। iPhone 12 mini को जब आप हाथ में लेंगे तो आपको अहसास होगा कि यह फोन कितना हैंडी और कॉम्पैक्ट है।

सीधे शब्दों में कहें तो आईफोन मिनी, आईफोन 12 का लाइट वर्जन है। iPhone 12 mini में आपको वो हर चीजें मिलेंगी जो आईफोन 12 में मौजूद हैं। कीमत के मामले में करीब 10,000 रुपये का फर्क हो रहा है, हालांकि आईफोन 12 सीरीज का यह सबसे किफायती फोन भी है। बिल्ड क्वॉलिटी से लेकर फीचर्स तक आईफोन 12 वाले ही हैं।
आईफोन 12 में 6.1 इंच की OLED सुपर रेटिना एक्सडीआर डिस्प्ले है जिसका रिजॉल्यूशन 1170x2532 पिक्सल है और ब्राइटनेस 1200 निट्स है। वहीं आईफोन 12 मिनी में 5.4 इंच की डिस्प्ले मिलती है जिसका रिजॉल्यूशन आईफोन 12 के मुकाबले यानी 1080x2340 पिक्सल है।

पैनल OLED ही है और हैप्टिक टच भी है। साथ ही एचडीआर और DCI-P3 कलर गोमूट है। आईफोन 12 मिनी का डिस्प्ले सुपर रेटिना एक्सडीआर है, हालांकि शार्पनेस बेहतरीन है। डिस्प्ले पर सेरेमिक शिल्ड का प्रोटेक्शन है। डिस्प्ले की ब्राइटनेस 1200 निट्स है। फोन को आईपी 68 की रेटिंग मिली है। ऐसे में यह फोन 33 मीटर पानी में डूबने के बाद भी खराब नहीं होगा।

कैमरे की बात करें तो इसमें भी आईफोन 12 की तरह 12 मेगापिक्सल का डुअल रियर कैमरा सेटअप है जिसमें एक लेंस वाइड एंगल और दूसरा अल्ट्रा वाइड है। दोनों लेंस का अपर्चर क्रमशः f/1.6 और f/2.4 है। रियर और फ्रंट दोनों कैमरे के साथ 4के वीडियो रिकॉर्डिंग मिलती है।
रियर के साथ 5एक्स जूम मिलता है। फ्रंट कैमरा भी 12 मेगापिक्सल का ही है। रियर और फ्रंट दोनों कैमरे के साथ ऑटो नाइट मोड मिलता है। कैमरे के सारे फीचर्स आईफोन 12 वाले ही हैं। फ्रंट कैमरे के साथ भी आपको वाइड एंगल मिलता है। नाइट मोड और दिन की रौशनी में कैमरे की परफॉर्मेंस अच्छी है।
फोटो में कलर्स और शार्पनेस के अलावा डीटेलिंग अच्छी मिलती है। कैमरे से आप 30fps पर डॉल्बी विजन HDR वीडियो रिकॉर्ड कर सकते हैं। डिफॉल्ट रूप से वीडियो एचडीआर में रिकॉर्ड होता है, हालांकि आप 4के रिकॉर्डिंग भी कर सकते हैं। कैमरे के साथ ऑप्टिकल स्टेबलाइजेशन भी मिलता है। कैमरा सैंपल आप तस्वीरों में देख सकते हैं।
परफॉर्मेंस और बैटरी लाइफ
परफॉर्मेंस और बैटरी लाइफ की बात करें तो आईफोन 12 मिनी की परफॉर्मेंस को लेकर एपल ने किसी तरह का समझौता नहीं किया है। इसमें भी A14 बायोनिक प्रोसेसर है। यह प्रोसेसर 5 नैनोमीटर प्रोसेस पर तैयार किया गया है। तो परफॉर्मेंस को लेकर इस फोन के साथ भी आपको आईफोन 12 वाला ही अनुभव होने वाला है। ऑडियो क्वॉलिटी और स्पीकर भी अच्छे हैं। हेवी गेमिंग के साथ फोन थोड़ा गर्म जरूर होता है।

बैटरी की बात करें तो छोटी साइज के कारण इसमें छोटी बैटरी मिलती है, लेकिन बैटरी लाइफ आपको कम नहीं मिलती है। रिव्यू के दौरान अच्छे से इस्तेमाल के बाद भी हमें पूरे दिनभर का बैकअप मिला। इसमें फास्ट चार्जिंग का भी सपोर्ट मिलता है तो यदि आपके पास कोई फास्ट चार्जिंग वाला एडाप्टर है तो आप अपने आईफोन 12 मिनी को करीब 1 घंटे में फुल चार्ज कर सकते हैं। आईफोन 12 मिनी पर हम एचडी में चार फिल्में देखने में सक्षम रहे तो ऐसे में बैटरी लाइप कम नहीं कही जाएगी। इसके साथ मैगसेफ-वायरलेस चार्जिंग का भी सपोर्ट है, हालांकि इसके साथ 12वॉट तक के मैगसेफ चार्जर का ही सपोर्ट है, जबकि आईफोन 12 के साथ 15वॉट का सपोर्ट है। चार्जिंग के दौरान भी यह फोन थोड़ा गर्म होता है।
तो कुल मिलाकर कहा जाए तो आईफोन 12 उनके लिए परफेक्ट है जो लंबे समय से कॉम्पैक्ट आईफोन की तलाश में थे। इसके अलावा वे लोग भी आईफोन 12 मिनी में अपग्रेड हो सकते हैं जिनके पास iPhone 6s या इससे पुराना मॉडल है। यह फोन उनलोगों के लिए बढ़िया है जो कम कीमत में आईफोन 12 सीरीज का फोन खरीदना चाहते हैं।
- Mi Neckband Pro Review: ANC सपोर्ट के साथ आने वाला एक बढ़िया नेकबैंड
- Redmi Note 10 Review: आपके लिए क्यों बेस्ट हो सकता है यह फोन, 7 प्वाइंट में पढ़ें
- Skullcandy Crusher ANC Review: जबरदस्त बास और न्वाइज कैंसिलेशन वाला हेडफोन
- Ptron Bassbuds Vista Review: 1,299 रुपये में शानदार बास और वायरलेस चार्जिंग वाला ईयरबड्स