Skullcandy Crusher ANC Review: जबरदस्त बास और न्वाइज कैंसिलेशन वाला हेडफोन
Skullcandy Crusher ANC की कीमत अमेजन इंडिया पर 16,999 रुपये है, हालांकि इसे भारत में 24,999 रुपये में लॉन्च किया गया था।

विस्तार
प्रमुख ऑडियो डिवाइस ब्रांड स्कलकैंडी के पास भारतीय बाजार में एक ब्लूटूथ हेडफोन है जिसका नाम Skullcandy Crusher ANC है। इसमें एक्टिव न्वाइज कैंसिलेशन दिया गया है और इसके अलावा इसकी बैटरी को लेकर 24 घंटे के बैकअप का दावा है। Skullcandy Crusher ANC में बास (Bass) के लिए अलग से एक बटन दिया गया है जो कि एडजस्टेबल है। Skullcandy Crusher ANC की कीमत अमेजन इंडिया पर 16,999 रुपये है, हालांकि इसे भारत में 24,999 रुपये में लॉन्च किया गया था। इस हेडफोन का इस्तेमाल Skullcandy App के जरिए भी हो सकता है और म्यूजिक को आप अपने हिसाब से कस्टमाइज कर सकते हैं। आइए रिव्यू में जानते हैं कैसा है यह वायरलेस हेडफोन?
Skullcandy Crusher ANC Review: डिजाइन

सबसे पहले आपको बता दें कि यह एक ओवर द हेड वायरलेस हेडफोन है। इसकी बॉडी प्लास्टिक और फैब्रिक की है, हालांकि थोड़ा मेटल भी इस्तेमाल किया गया है। इसके ईयरकप काफी मुलायम और आरामदायक हैं। हेडफोन को आराम से किसी भी यूजर्स के लिए एडजस्ट किया जा सकता है। इसे ब्लैक टैन, डीप रेड और ब्लैक कलर में खरीदा जा सकता है। ईयरकप को 180 डिग्री तक घुमाया जा सकता है।

दोनों ईयरकप में बटन दिए गए हैं। लेफ्ट वाले ईयरकप में पावर बटन, बास एडजस्ट करने वाला बटन और एलईडी लाइट्स है। राइट वाले ईयरकप में प्ले-पॉज, वॉल्यूम और न्वाइज कैसिलेशन बटन है।

चार्जिंग पोर्ट और 3.5एमएम का ऑक्स केबल पोर्ट भी राइट ईयरकप में ही है। चार्जिंग के लिए टाईप-सी पोर्ट मिलेगा। इसके साथ एक केस भी मिलेगा और केस में ऑक्स केबल और टाईप-सी केबल भी मिलेगा। इस हेडफोन की बिल्ड क्वॉलिटी अच्छी है और इसका वजन 308 ग्राम है।
Skullcandy Crusher ANC Review: परफॉर्मेंस

परफॉर्मेंस की बात करें तो इसमें बेहतर कनेक्टिविटी के लिए ब्लूटूथ 5.0 दिया गया है। इसके अलावा इसमें 40एमएम का ड्राइवर है। स्कलकैंडी के इस हेडफोन में साउंड प्रेशर का लेवल 105dB है, जबकि फ्रीक्वेंसी रिस्पॉन्स 20Hz–20KHz है। ट्रैकिंग के लिए इसमें tile ट्रैकर का सपोर्ट है यानी यदि किसी जगह पर रखकर आप इसे भूल गए हैं तो टाइल के एप से इसकी लोकेशन के बारे में जानकारी मिल सकती है। अब बात परफॉर्मेंस की करें तो हेडफोन होने के बावजूद इसकी आवाज क्रिस्टल क्लियर है और बाहरी शोर कानों तक नहीं पहुंचते हैं।

इसमें दिया गया एक्टिव न्वाइज कैंसिलेशन बखूबी काम करता है। इसके अलावा इसमें एंबियंट मोड भी है जिसे आप ईयरकप के बाहरी हिस्से पर करीब 5 सेकेंड तक हाथ रखकर ऑन-ऑफ कर सकते हैं। Crusher ANC के साथ कॉलिंग के हमारा अनुभव बढ़िया रहा। बाहरी शोर ने हमें परेशान नहीं किया। इसके साथ स्कलकैंडी एप का भी सपोर्ट मिलता है जिसके जरिए आप यह सेटिंग कर सकते हैं कि आप किस तरह की म्यूजिक और कितनी वॉल्यूम पर सुनना पसंद करते हैं। एप में सेटिंग के बाद आपको ऑप्टिमाइज ऑडियो मिलेगा।

एंबियंट मोड भी बखूबी काम करता है और ऑन होने पर एंबियंट को कानों में नहीं पहुंचने देता है। बास की बात करें तो इसमें इसके लिए खासतौर पर एक बटन दिया गया है जिसके जरिए आप बास को कम या ज्यादा कर सकते हैं।

बास को फुल करने पर ईयरकप और कानों में जबरदस्त वाइब्रेशन होता है, हालांकि इससे आवाज खराब नहीं होती है लेकिन वाइब्रेशन इतना तेज होता है कि लंबे समय तक आप म्यूजिक सुन नहीं पाएंगे, लेकिन मूवी देखने में आपको मजा आएगा। वैसे वाइब्रेशन इतना तेज है कि हम आपको लंबे समय तक फुल बास के साथ हेडफोन को इस्तेमाल करने की सलाह नहीं देंगे। तो कुल मिलाकर कहें तो 15,000 रुपये में यदि आप किसी हाई बास वायरलेस हेडफोन की तलाश में हैं तो Crusher ANC आपके लिए परफेक्ट च्वाइस बन सकता है।
- Ptron Bassbuds Vista Review: 1,299 रुपये में शानदार बास और वायरलेस चार्जिंग वाला ईयरबड्स
- Redmi Note 10 Pro Max Review: क्या है 20,000 की रेंज में एक बेस्ट स्मार्टफोन है?
- Samsung Galaxy A52 First Look: शानदार फिनिश और कलर वाला स्मार्टफोन
- Redmi Smart TV X55 First Impression: तस्वीरों में देखें कैसा है रेडमी का पहला स्मार्ट टीवी