Amazfit Bip U Pro Review: इन-बिल्ट GPS और Alexa सपोर्ट वाली एक बजट स्मार्टवॉच
Amazfit Bip U Pro की कीमत 4,999 रुपये है और इसकी बिक्री 14 अप्रैल से अमेजन इंडिया और कंपनी की वेबसाइट से शुरू हो गई है।

विस्तार
हुआमी ने अपनी बिप यू सीरीज की स्मार्टवॉच Amazfit Bip U Review के अपग्रेडेड वर्जन Amazfit Bip U Pro को भारत में हाल ही में लॉन्च किया है। भारत से पहले इसे अमेरिका में लॉन्च किया गया था।Amazfit Bip U Pro में इन-बिल्ट जीपीएस, इन-बिल्ट अमेजन एलेक्सा जैसे फीचर्स दिए गए हैं। इसके अलावा इसमें SPO2 सेंसर भी है जो कि ब्लड ऑक्सीजन की जानकारी देता है। Amazfit Bip U Pro की कीमत 4,999 रुपये है और इसकी बिक्री 14 अप्रैल से अमेजन इंडिया और कंपनी की वेबसाइट से शुरू हो गई है। आइए रिव्यू में जानते हैं कैसी है यह स्मार्टवॉच?

Amazfit Bip U Pro Review: डिजाइन और डिस्प्ले
डिजाइन और डिस्प्ले को लेकर Amazfit Bip U के मुकाबले प्रो मॉडल में कोई बदलाव नहीं किए गए हैं। Amazfit Bip U Pro में 1.43 इंच की आईपीएस टीएफटी एलसीडी डिस्प्ले है जिसका रिजॉल्यूशन 302x320 पिक्सल है। डिस्प्ले पर 2.5D एंटी फिंगरप्रिंट कोटिंग गोरिल्ला ग्लास 3 का प्रोटेक्शन है। वॉच की बॉडी पॉलिकार्बोनेट की है और इसके साथ 20एमएम का सिलिकॉन स्ट्रैप मिलेगा। Amazfit Bip U Pro ब्लैक, ग्रीन और पिंक कलर में मिलेगी और इसका वजन 31 ग्राम है।
़

पहले मॉडल की तरह यह वॉच भी 5 ATM वाटर रेसिस्टेंट है यानी यह 50 मीटर गहरे पानी में जाने पर भी खराब नहीं होगी। अमेजफिट की इस स्मार्टवॉच की डिजाइन चौकोर है। नीचे की ओर चार ऑप्टिकल सेंसर दिए गए हैं, वहीं राइट में एक बटन है जो कि पावर बटन और फंक्शन की दोनों का काम करता है। डिस्प्ले के साथ टच का सपोर्ट है। वॉच की बॉडी बेहतर फिनिशिंग के साथ प्लास्टिक की है। स्ट्रैप्स सिलिकॉन के हैं।

Amazfit Bip U Pro Review: परफॉर्मेंस
Amazfit Bip U Pro में अमेजफिट बिप यू के मुकाबले तीन नए फीचर्स जोड़े गए हैं जिनमें इन-बिल्ट GPS, अमेजन एलेक्सा और जियोमैग्नेटिक सेंसर शामिल हैं। इन बिल्ट जीपीएस इस बजट स्मार्टवॉच का सबसे खास फीचर है जिसका इस्तेमाल म्यूजिक कंट्रोल, अलार्म लगाने, मौसम और ट्रैफिक की जानकारी आदि लेने के लिए किया जा सकता है। जीपीएस काफी सटीक है। रिव्यू के दौरान हमनें आउटडोर साइकलिंग में इसका इस्तेमाल किया।

जीपीएस के लिए हमें फोन की जरूरत नहीं पड़ी और इसने स्पीड से लेकर डिस्टेंस तक की जानकारी सटीकता से दी। पहले मॉडल की तरह इसमें भी माइक्रोफोन या कॉलिंग जैसी कोई सुविधा नहीं है। इसमें 50 से अधिक वॉच फेसेज हैं। इसके अलावा इसमें 60 से अधिक स्पोर्ट्स मोड, ब्लूड ऑक्सीजन मॉनिटर सेंसर, स्मार्ट स्लीप ट्रैकिंग, स्ट्रेस मॉनिटर, म्यूजिक कंट्रोल और कैमरा शटर कंट्रोल जैसे कई फीचर्स मिलेंगे। इसमें मेंस्ट्रुअल साइकिल ट्रैकर भी है।

इस वॉच को Zepp से कनेक्ट करके इस्तेमाल किया जा सकता है, हालांकि एप के साथ सिंकिंग काफी स्लो है। ऑटो कनेक्ट होने में भी थोड़ी समस्या है। कनेक्शन के लिए एप को ओपन करके हर बार सिंक और कनेक्ट करना होता है। सिंकिंग के दौरान आप एप के किसी अन्य फंक्शन का इस्तेमाल नहीं कर सकते।

पिछले कई सालों से भारत में बिजनेस करने के बाद भी कंपनी ने अभी तक इसमें हिंदी का सपोर्ट नहीं दिया है।
फोन पर आने वाले कॉल का नोटिफिकेशन आपको वॉच पर मिलेगा, हालांकि आप कॉल को सिर्फ रिजेक्ट या साइलेंट ही कर सकते हैं, हालांकि साइलेंट सिर्फ वॉच पर ही होगा, फोन पर नहीं। तो कुल मिलाकर एप के साथ स्लो सिंकिंग के अलावा इसमें कोई समस्या नहीं है।
Amazfit Bip U Pro Review: बैटरी लाइफ
इसमें स्मार्टवॉच में 230mAh की बैटरी है जिसे लेकर 9 दिनों के बैकअप का दावा है और यह दावा सही भी है। दिन में दो बार इन-बिल्ट जीपीएस का इस्तेमाल करने के बाद भी रिव्यू के दौरान बैटरी ने 8 दिनों तक हमारा साथ दिया। बैटरी के बारे में जेप एप भी जानकारी देता है कि आपने आखिरी बार कब बैटरी को चार्ज किया था। चार्जिंग के लिए वॉच के साथ बॉक्स में मैग्नेटिक डॉक मिलता है।
तो बजट में एलेक्सा सपोर्ट, इन-बिल्ट जीपीएस के साथ यह एक अच्छी स्मार्टवॉच कही जाएगी।