Samsung Galaxy A52 Review: बढ़िया कैमरा के साथ एक फैशनेशबल स्मार्टफोन
Samsung Galaxy A52 को वॉटरप्रूफ और डस्टप्रूफ के लिए IP67 की रेटिंग मिली है। इसके अलावा इसकी फिनिशिंग जबरदस्त है और फोन का कलर आकर्षक है।

विस्तार
सैमसंग ने पिछले महीने एक स्टाइलिश और फैशनेबल स्मार्टफोन भारत में लॉन्च किया है और वह फोन Samsung Galaxy A52 है। इसे Galaxy A72 के साथ भारत में लॉन्च किया गया है, हालांकि गैलेक्सी ए52 के 5जी वेरियंट को भारत में लॉन्च नहीं किया गया है। Samsung Galaxy A52 को वॉटरप्रूफ और डस्टप्रूफ के लिए IP67 की रेटिंग मिली है। इसके अलावा इसकी फिनिशिंग जबरदस्त है और फोन का कलर आकर्षक है। Samsung Galaxy A52 की भारत में शुरुआती कीमत 26,499 रुपये है। इस कीमत में आपको 6 जीबी रैम के साथ 128 जीबी स्टोरेज वाला मॉडल मिलेगा। वहीं 8 जीबी रैम के साथ 128 जीबी स्टोरेज वेरियंट की कीमत 27,999 रुपये है। आइए रिव्यू में जानते हैं कैसा है यह स्मार्टफोन?

Samsung Galaxy A52 Review: डिजाइन
डिजाइन की बात करें तो इस फोन की चर्चा परफॉर्मेंस से ज्यादा इसकी डिजाइन और कलर्स-फिनिशिंग को लेकर ही है। रिव्यू के लिए हमारे पास फोन का औसम ब्लू कलर है जो कि कमाल का है। पहली नजर में ही फोन आपको और सामने वाले को आकर्षित करेगा।

फोन की फ्रेम और उसकी बॉडी प्लास्टिक की है। पैनल मैटे फिनिश वाला है जो कि किसी को भी दीवाना बना सकता है। मैटे फिनिश के कारण बैक पैनल पर उंगलियों के निशान नहीं आते हैं, हालांकि गौर से देखेंगे तो आप हल्के निशान जरूर दिखेंगे।

फोन को IP67 की रेटिंग मिली है जिसका मतलब यह है कि एक मीटर गहरे पानी में यह फोन 300 मिनट तक रह सकता है। सिम कार्ड ट्रे पर एक रबड़ सील भी है जो कि फोन को पानी और धूल से बचाने में मदद करेगा हाथ में लेने पर आपको प्रीमियम फोन का अहसास होगा, हालांकि बॉडी पॉलिकॉर्बोनेट की है।

वैसे इस कीमत के अधिकतर फोन में ग्लास बॉडी दी गई है। कैमरे का बंप भी पूरे बैक फिनिश जैसा ही है, बस थोड़ा सा उभार है। इन फोन को ब्लैक, औसम ब्लू, औसम वॉयलेट और औसम व्हाइट कलर में खरीदा जा सकता है। फोन का वजन 189 ग्राम है।

इस फोन में 6.5 इंच की फुल एचडी प्लस सुपर एमोलेड इनफिनिटी ओ डिस्प्ले दी गई है जिसका रिफ्रेश रेट 90Hz और रिजॉल्यूशन 2160×1080 पिक्सल है। डिस्प्ले की ब्राइटनेस 800 निट्स है। आंखों की सुरक्षा के लिए इसके साथ आई कंफर्ट शिल्ड है जो कि कम ब्लू लाइट से आंखों को बचाती है।

डिस्प्ले की स्मूथनेस और स्पीड अच्छी है, हालांकि इसमें 120Hz रिफ्रेश वाली डिस्प्ले तो नहीं है लेकिन 90Hz की स्पीड भी काफी होती है। सुपर एमोलेड डिस्प्ले की परफॉर्मेंस अच्छी है। व्यूइंग एंगल अच्छा है और आउटडोर में भी कोई दिक्कत नहीं होती है। डिस्प्ले क्रिस्पी और बैलेंस कलर वाली है। डिस्प्ले पर गोरिल्ला ग्लास 5 का प्रोटेक्शन है।
Samsung Galaxy A52 Review: कैमरा
फोन के कैमरे की बात करें तो इसमें चार रियर कैमरे हैं जिनमें मेन लेंस 64 मेगापिक्सल का है जिसका अपर्चर f/1.8 है। कैमरे के साथ ऑप्टिकल इमेज स्टेबलाइजेशन भी है। वहीं दूसरा लेंस 12 मेगापिक्सल का अल्ट्रा वाइड, तीसरा लेंस 5 मेगापिक्सल का डेफ्थ और चौथा लेंस 5 मेगापिक्सल का मैक्रो है।


सेल्फी के लिए इसमें 32 मेगापिक्सल का कैमरा दिया गया है। रियर कैमरे से आप अल्ट्रा एचडी, फुल एचडी और एचडी वीडियो रिकॉर्ड कर सकेंगे। वीडियो रिकॉर्डिंग के लिए 4K 30fps का विकल्प मिलता है। सेल्फी कैमरे से भी आप इसी फ्रेम में वीडियो रिकॉर्ड कर सकते हैं।


कैमरे के साथ ऑप्टिकल इमेज स्टेबलाइजेशन भी है जिसका परफॉर्मेंस ठीक-ठाक है। वीडियो रिकॉर्डिंग के लिए सुपर स्टिडी मोड भी मिलता है। कैमरे के साथ सीन ऑप्टिमाइजर भी मिलता है। कैमरा तुरंत फोकस होता है और फोकस को लॉक भी तेजी से करता है।


दिन की रौशनी में कैमरे से ली गई तस्वीरें अच्छी आती है लेकिन किसी अन्य (नॉन-सुपर एमोलेड) फोन में देखने पर क्वॉलिटी कमजोर हो जाती है। कैमरे की डीटेल बेस्ट तो नहीं, लेकिन ठीक-ठाक कहा जाएगा। क्लोजअप शॉट्स अच्छे हैं। तो कुल मिलाकर कहा जाए तो गैलेक्सी ए52 का कैमरा ठीक-ठाक है।
Samsung Galaxy A52 Review: परफॉर्मेंस
Samsung Galaxy A52 में एंड्रॉयड 11 आधारित One UI 3.1 दिया गया है। फोन में स्नैपड्रैगन 720G ऑक्टाकोर प्रोसेसर दिया गया है और ग्राफिक्स के लिए इसमें 618 GPU मिलता है। इसके अलावा इसमें 8 जीबी रैम और 256 जीबी तक की स्टोरेज है जिसे मेमोरी कार्ड की मदद से 1 टीबी तक बढ़ाया जा सकता है।

सैमसंग के इस प्रीमियम फोन में भी आपको ढेर सारे एप प्री-इंस्टॉल मिलते हैं जिनमें अमेजन, प्राइम वीडियो, नेटफ्लिक्स, फेसबुक, एमएक्स टकाटक और मोज आदि शामिल हैं। स्नैपड्रैगन 720G एक जाना-पहचाना प्रोसेसर है। हेवी गेम को भी यह आराम से हैंडल कर लेता है। कॉल ऑफ ड्यूटी जैसे हेवी गेम हाई फ्रेम रेट पर खेले जा सकते हैं। 10 दिनों तक लगातार इस्तेमाल के दौरान हमें हैंग होने जैसी कोई समस्या नहीं आई।
Samsung Galaxy A52 Review: बैटरी
फोन में इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर, टाईप-सी चार्जिंग पोर्ट है। कनेक्टिविटी के लिए फोन में 4G LTE, डुअल बैंड Wi-Fi, ब्लूटूथ, जीपीएस और टाईप-सी पोर्ट है। फोन में एनएफसी भी है। फोन का वजन 189 ग्राम है। फोन में इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर और फेस अनलॉक भी है। फोन में 4500mAh की बैटरी है जो कि पूरे दिन तक साथ देती है। चार्जिंग के दौरान करीब 40 मिनट के बाद फोन हल्का0सा गर्म होता है। रिव्यू के दौरान वीडियो देखने पर भी बैटरी ने लगातार 16 घंटे का साथ दिया। ऐसे में फोन की बैटरी लाइफ अच्छी कही जाएगी। बॉक्स में 15 वॉट का चार्जर भी मिलता है जो करीब 1.30 घंटे में बैटरी को फुल चार्ज कर देता है। बैटरी के साथ 25 वॉट तक की चार्जिंग का सपोर्ट है।

तो कुल मिलाकर यही कहा जा सकता है कि Galaxy A52 की खूबी यही है कि इसके साथ IP67 की रेटिंग मिलती है जो कि इस रेंज में मौजूद अन्य कंपनियों के फोन में नहीं मिलती है। इसके अलावा इसकी जो डिजाइन है वह अनोखी है। इस डिजाइन वाला कोई दूसरा फोन भी बाजार में मौजूद नहीं है। यदि आपको एक फैशनेबल, आईपी रेटिंग और अच्छी बैटरी वाला फोन चाहिए तो यह आपको निराश नहीं करेगा, वैसे आप इसके विकल्प के तौर पर गैलेक्सी एफ62 रिव्यू जैसे फोन के बारे में भी विचार कर सकते हैं।