एलावेनिल 10 मीटर एयर राइफल व्यक्तिगत और मिश्रित स्पर्धा में खेलेंगी, चिंकी को नहीं मिली जगह
- कोटा हासिल करने वाली चिंकी बाहर, एलावेनिल अंदर
- ओलंपिक में विश्व नंबर एक एलावेनिल 10 मीटर एयर राइफल व्यक्तिगत और मिश्रित स्पर्धा में खेलेंगी
- अंजुम मौद्गिल को 50 मीटर थ्री पोजीशन में भेजा, मनु भाकर 10 और 25 मीटर पिस्टल में खेलेंगी
- ओलंपिक कोटा लेने वाले 15 शूटरों में सिर्फ चिंकी को नहीं मिला टोक्यो का टिकट
विस्तार
दिल्ली विश्व कप में कुछ दिन पूर्व 25 मीटर स्पोर्ट्स पिस्टल का स्वर्ण जीतने के बाद इलेक्ट्रीशियन की बेटी चिंकी यादव के मुंह से यही निकला था कि अब उन्हें टोक्यो ओलंपिक की टीम से बाहर करना शायद संभव नहीं होगा। भोपाल की चिंकी का यह अनुमान गलत साबित हुआ। ओलंपिक कोटा हासिल करने के बावजूद वह टोक्यो के लिए चुनी गई टीम में जगह नहीं बना सकीं। यही नहीं कोटा हासिल नहीं करने वाली 10 मीटर एयर राइफल में विश्व नंबर एक एलावेनिल वालरिवान को टोक्यो का टिकट मिल गया है। वह अंजुम मौद्गिल की जगह व्यक्तिगत के अलावा दिव्यांश पंवार के साथ मिश्रित स्पर्धा में भी खेलेंगी। चिंकी का कोटा अंजुम को दिया गया है। अंजुम 50 मीटर थ्री पोजीशन के अलावा 10 मीटर एयर राइफल की मिश्रित स्पर्धा में दीपक कुमार के साथ उतरेंगी।
चयन के लिए चली पांच घंटे बैठक
10 मीयर एयर राइफल में कोटा हासिल करने वाली दूसरी शूटर अपूर्वी चंदेला सिर्फ व्यक्तिगत मुकाबलों में खेलेंगी। अमर उजाला ने शनिवार को ही खुलासा कर दिया था कि ओलंपिक कोटा हासिल करने वाले 15 में से 14 शूटरों को ओलंपिक टिकट मिलेगा। इनमें चिंकी बाहर हो सकती हैं। साथ ही एलावेनिल की दावेदारी पुख्ता रहेगी। एनआरएआई अध्यक्ष रणइंदर सिंह की अगुवाई में उनके आवास पर पांच घंटे चली बैठक में यही हुआ। रणइंदर ने खुलासा किया कि टीम का चयन ओलंपिक चयन नीति के आधार पर मेरिट पर हुआ है। उन्हें उम्मीद है यह टीम ओलंपिक में अपना सर्वश्रेष्ठ देगी। कोरोना के चलते 15 सदस्यीय टीम के साथ रिजर्व शूटर भी चुने गए हैं।
तीन इवेंट में खेलेंगी मनु भाकर
दरअसल ट्रायल में दिखाए गए प्रदर्शन के आधार पर हरियाणा की मनु भाकर को 25 मीटर स्पोट्र्स पिस्टल में चिंकी यादव पर वरीयता दी गई। हालांकि विश्व कप में जब चिंकी ने जब स्वर्ण जीता तो यही लगा कि उन्हें बाहर करना मुश्किल होगा, लेकिन चयन समिति ने मनु के बेहतरीन दोहरी शुरूआत को देखते हुए उन्हें राही सरनोबत के साथ 25 मीटर पिस्टल की टीम में चुना। मनु चुनी गई टीम में तीन इवेंट खेलने वाली इकलौती शूटर होंगी। वह 10, 25 मीटर के अलावा सौरभ चौधरी के साथ 10 मीटर एयर पिस्टल की मिश्रित स्पर्धा में भी खेलेंगी।
टोक्यो ओलंपिक के लिए चुनी गई टीम इस प्रकार है
- 10 मीटर एयर राइफल व्यक्तिगत-
महिला: अपूर्वी चंदेला, एलावेनिल वालरिवान (रिजर्व-अंजुम मौद्गिल, श्रिया अग्रवाल)
पुरुष: दिव्यांश पंवार, दीपक कुमार (रिजर्व-संदीप सिंह, ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर)
मिश्रित स्पर्धा: दिव्यांश, एलावेनिल और दीपक कुमार, अंजुम मौद्गिल।
- 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन व्यक्तिगत
पुरुष: संजीव राजपूत, ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर (रिजर्व स्वप्निल कुसाले, चैन सिंह)
महिला: अंजुम मौद्गिल, तेजस्वनि सावंत (रिजर्व सुनिधि चौहान, एन गायत्री)
- 10 मीटर एयर पिस्टल व्यक्तिगत
पुरुष: सौरभ चौधरी, अभिषेक वर्मा (रिजर्व-शहजर रिजवी, ओमप्रकाश)
महिला: मनु भाकर, यशस्वनी सिंह देशवाल (पी श्रीनिवेथा, श्वेता सिंह)
मिश्रित स्पर्धा: सौरभ चौधरी, मनु भाकर और अभिषेक वर्मा यशस्वनी सिंह देशवाल।
- 25 मीटर स्पोर्ट्स पिस्टल
महिला: राही सरनोबत, मनु भाकर (रिजर्व-चिंकी यादव, अभिदन्या पाटिल)
स्कीट पुरुष: अंगदवीर सिंह बाजवा, मेराज अहमद खान (रिजर्व-गुरजोत सिंह खंगूड़ा, शिराज शेख)