भारत की हॉकी टीम ने दी उद्घाटन समारोह के बहिष्कार की धमकी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रियो ओलंपिक शुरू होने से पहले ही अव्यवस्थाओं का दौर जारी है। जहां आयोजक मेजबानी से जुड़ी समस्याओं से लगातार जूझ रहे हैं तो वहीं रियो गए भारतीय दल में भी शांति का माहौल नहीं है।
पहले हॉकी टीम के लिए खेल गांव में सुविधाओं की कमी के बाद खबर आई कि टेनिस स्टार लिएंडर पेस को वहां ठहरने के लिए कमरा ही उपलब्ध नहीं है और वह भारत के दलनायक राकेश गुप्ता के कमरे में ठहरने को मजबूर हैं।
अब खबर आ रही है कि भारतीय हॉकी टीम ने धमकी दी है कि अगर टीम को समय से जर्सी की व्यवस्था नहीं होती है तो वे उद्घाटन समारोह का बहिष्कार कर देंगे। एक समाचार चैनल के अनुसार, खिलाड़ियों को उस समय तगड़ा झटका लगा जब उन्हें पता चला कि खिलाड़ियों को पहनने के लिए पर्याप्त जर्सी तक नहीं है। 8 से ज्यादा खिलाड़ियों के लिए ढंग के टी-शर्ट नहीं है। पुरुष और महिला दोनों ही टीम सुविधाओं से जूझ रही हैं।
भारतीय पुरुष टीम के कप्तान पीआर श्रीजेश ने उद्घाटन समारोह का बहिष्कार करने की धमकी दी है। हालांकि भारतीय खेल संघ और भारतीय खेल प्रधिकरण पूरे विवाद को खत्म करने में जुटे हुए हैं। दूसरी ओर राकेश गुप्ता ने कहा कि इसे गलत तरीके से पेश किया गया है। हॉकी इंडिया को 2 हफ्ते पहले ही पूरी किट दे दी गई थी। साथ ही वह पूरे विवाद पर नाराज भी दिखे।
उद्घाटन समारोह भारतीय समयानुसार तड़के सुबह 4:30 बजे से शुरू होगा और इस कार्यक्रम का वैश्विक स्तर पर प्रसारण भी होगा। अगर हॉकी खिलाड़ी इस समारोह के दौरान देश के मार्च-पास्ट का बहिष्कार करते हैं तो यह देश के लिए शर्मसार करने वाला होगा।
खेल गांव में भी सुविधाओं की कमी झेल रही है हॉकी टीम
इससे पहले भारतीय हॉकी टीम के कोच और डायरेक्टर हाई परफॉर्मेंस रोलैंट ओल्टमैंस ने भारतीय टीम के साथ रियो के खेल गांव में हो रही दिक्कतों के बारे में बताया था। खिलाड़ियों के लिए जरूरी बेसिक सुविधाएं तक नहीं हैं। भारत की पुरुष और महिला हॉकी टीमों के लिए रियो ओलंपिक के खेल गांव में मैच देखने के लिए पर्याप्त टीवी नहीं है और न ही बैठने के लिए पर्याप्त उपयुक्त कुर्सियां हैं और न ही मेज।
ओल्टमैंस ने इस बात की शिकायत रियो ओलंपिक में भारत के दलनायक राकेश गुप्ता से की। शिकायत के बाद राकेश गुप्ता ने खुद अपना टीवी भारतीय हॉकी टीम को देने की पेशकश की। (फोटो-ट्विटर से)
उन्होंने कहा कि ओलंपिक जैसे अहम मुकाबले के लिए हॉकी खिलाड़ियों के लिए उपयुक्त कुर्सियां चाहिए होती हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि बीन चेयर (एक तरह की आराम कुर्सी) पर ज्यादा देर बैठे रहने से खिलाड़ियों को पीठ में चोट लग सकती है। भारत की महिला और पुरुष टीमें खेल गांव में 9 अपार्टमेंट का इस्तेमाल कर रही हैं। हर अपार्टमेंट में छह लोग हैं। अभी हर अपार्टमेंट में दो-दो कुर्सियां हैं और खिलाड़ियों को 28 कुर्सियां कम पड़ रही हैं। साथ ही 7 अपार्टमेंट में कम से कम एक मेज तो होनी ही चाहिए।