ओलंपिक क्वॉलिफाइंग टूर्नामेंट में भारतीय हॉकी टीम है प्रबल दावेदार, कोच ग्राहम रीड ने जताया भरोसा
भारत की पुरुष और महिला हॉकी टीमों के लिए जापान में 17 से 21 अगस्त तक होने वाला ओलंपिक टेस्ट इवेंट अगले साल टोक्यो में होने वाले ओलंपिक क्वॉलिफाइंग टूर्नामेंट के लिए अपने सभी विकल्पों को आजमाने का अंतिम मौका है। इसमें पुरुष और महिला दोनों वर्गों में चार-चार कुल आठ टीमें शिरकत करेंगी। पुरुष वर्ग में एफआईएच विश्व हॉकी रैंकिंग में भारत (पांचवें) सबसे उंची वरीयता प्राप्त टीम और उसके बाद न्यूजीलैंड (आठवीं), मलयेशिया (12वीं) और मेजबान जापान (16वीं) की टीमें हैं। भारत की पुरुष टीम के भुवनेश्वर में और महिला टीम के हिरोशिमा में एफआईएच सीरीज फाइनल्स में खिताब जीतने से हौसले बुलंद हैं। भारत की दोनों ही टीमें फिलहाल बेंगलुरू में जापान में होने वाले टेस्ट इवेंट की तैयारी में जुटी है।
भारत की पुरुष हॉकी टीम के चीफ कोच ग्राहम रीड ने कहा, गोलरक्षकों और रक्षापंक्ति के खिलाड़ियों के शिविरों में शिरकत करने के बाद ओलंपिक टेस्ट इवेंट के पूरी तरह तैयार हैं। हम हर मैच जीत के लिए पूरी ताकत झोंक देंगे।’ भारत की पुरुष हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने अपने हॉकी उस्ताद रीड की राय से इत्तफाक जताया।
संयोग से भारत की पुरुष हॉकी टीम के उस्ताद ऑस्ट्रेलिया के ग्राहम रीड हैं और ऑस्ट्रेलिया की महिला हॉकी टीम के कोच ऑस्ट्रेलियाई पॉल गाउडिन हैं। गाउडिन ने कहा, जापान मे यह टेस्ट इवेंट हमारी टीम को अगले साल ओलंपिक में टोक्यो की गर्मी और उमस की बाबत जानने का मौका मुहैया कराएगा।’
कप्तान मनप्रीत सिंह, गोलरक्षक पी आर श्रीजेश स्ट्राइकर आकाशदीप सिंह और रमणदीप सिंह और डिफेंडर सुरेन्दर कुमार को आराम देने के बावजूद 23 बरस के ड्रैग फ्लिकर हरमनप्रीत सिंह की अगुवाई वाली भारत की पुरुष हॉकी टीम ओलंपिक टेस्ट इवेंट में खिताब की सबसे प्रबल दावेदार के रूप में उतरेगी। भारत किसी भी टीम को चाहे वह न्यूजीलैंड, हाल ही में यूरोप दौरे पर जर्मनी,स्पेन और आयरलैंड को हराने और इंग्लैंड को ड्रॉ पर रोकने वाली मलयेशिया और एशियाई खेलों का खिताब जीत कर सीधे ओलंपिक के लिए क्वॉलिफाई करने वाली जापान को कम नहीं आंक सकता है।
वहीं महिला वर्ग में दुनिया की दूसरे नंबर की टीम ऑस्ट्रेलिया खिताब की सबसे प्रबल दावेदार के रूप में उतरेगी। रानी रामपाल की अगुवाई में ओलंपिक टेस्ट इवेंट में उतरने वाली दसंवी वरीयता प्राप्त भारतीय टीम निश्चित रूप से 11वीं वरीयता प्राप्त चीन और ओलंपिक के लिए क्वॉलिफाई कर चुकी 14वीं वरीयता प्राप्त जापान से बेहतर है। भारत की महिला टीम की कप्तान रानी रामपाल, उपकप्तान सविता पूनिया और चीफ शुएर्ड मराइन एक सुर में कहते कि टीम ऑस्ट्रेलिया से पार पाने में सफल रही है तो वह जापान में खिताब जीत सकती है। भारत और चीन की महिला टीमों का ओलंपिक क्वॉलिफायर्स में मुकाबला मुमकिन है। ऐसे में दोनों के लिए एक दूसरे की ताकत को तौलने का अच्छा मौका होगा।