सिंधु ने विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में बनाई जगह, ओकुहारा को सीधे सेट में हराया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रियो ओलंपिक की रजत पदक विजेता पीवी सिंधू ने अपना शानदार सफर जारी रखते हुए शुक्रवार को लगातार दूसरी बार विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। दुनिया की तीसरे नंबर की खिलाड़ी सिंधू ने क्वार्टर फाइनल में गत चैंपियन जापान की ओकुहारा को 58 मिनट तक चले मुकाबले में 21-17, 21-19 से शिकस्त दी।
इसके साथ ही सिंधू ने पिछले साल इस वैश्विक टूर्नामेंट के फाइनल में ओकुहारा से मिली हार का बदला भी चुकता कर लिया।
राष्ट्रमंडल खेलों की रजत पदक विजेता सिंधू की यह आठवीं वरीय ओकुहारा पर 12 मैचों में छठी जीत है। दोनों का रिकॉर्ड 6-6 हो गया है। अब टूर्नामेंट में सिंधू के रूप में एकमात्र भारतीय चुनौती बची हैं। साइना नेहवाल और बी साई प्रणीत क्वार्टर फाइनल में हारकर बाहर हो गए।
अब सामने होंगी यामागुची
25 वर्षीय हैदराबादी खिलाड़ी का अब फाइनल में जगह बनाने के लिए शनिवार को सामना जापान की ही 21वर्षीय अकाने यामागुची से होगा। दोनों ने अब तक दस मुकाबले खेले हैं जिसमें से सिंधू ने छह और यामागुची ने चार जीते हैं।
मारिन से पार नहीं पा सकीं साइना
राष्ट्रमंडल खेलों की चैंपियन साइना ओलंपिक चैंपियन कैरोलिन मारिन से पार नहीं पा सकीं। दुनिया की दसवें नंबर की खिलाड़ी साइना को दो बार की विश्व चैंपियन स्पेन की मारिन के हाथों एकतरफा मुकाबले में 6-21,11-21 से शिकस्त का सामना करना पड़ा। दुनिया की चौथे नंबर की खिलाड़ी मारिन की यह साइना पर दस मैचों में पांचवीं जीत है। पांच साइना ने जीते हैं।
मारिन ने पहले गेम में साइना पर दबाव बनाया। उसने 12 मिनट में यह गेम जीत लिया। दूसरे गेम में साइना ने अच्छा संघर्ष किया, लेकिन मारिन ने वापसी करके 10 मैच प्वाइंट भी बनाए और जीत भी दर्ज की। प्रणीत को केंतो मोमोतो से 12-21, 12-21 से हार मिली।
सात्विक-पोनप्पा का सफर भी थमा
मिश्रित युगल में अश्विनी पोनप्पा और सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी का सफर भी क्वार्टर फाइनल में थम गया। सात्विक-पोनप्पा को शीर्ष वरीयता प्राप्त चीन के झेंग सिवेइ और हुआंग याकियोंग से क्वार्टर फाइनल में 17-21, 10-21 से हारकर बाहर हो गए।