{"_id":"603dbbf93c4e1a1c591d3df8","slug":"swiss-open-2021-everything-you-need-to-know-about-the-tokyo-olympic-qualifying-event","type":"story","status":"publish","title_hn":"आज से स्विस ओपन: सिंधु और साइना की सेमीफाइनल में हो सकती है भिड़ंत, ओलंपिक के लिए अहम टूर्नामेंट","category":{"title":"Badminton","title_hn":"बैडमिंटन","slug":"badminton"}}
आज से स्विस ओपन: सिंधु और साइना की सेमीफाइनल में हो सकती है भिड़ंत, ओलंपिक के लिए अहम टूर्नामेंट
Tue, 02 Mar 2021 10:04 AM IST
अंशुल तलमले
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: अंशुल तलमले
Updated Tue, 02 Mar 2021 10:04 AM IST
विज्ञापन
साइना-सिंधु
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मौजूदा विश्व चैंपियन पीवी सिंधु स्विट्जरलैंड के बासेल में मंगलवार से शुरू होने वाले स्विस ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट में पोडियम पर पहुंचने और पूर्व चैंपियन साइना नेहवाल लय हासिल करके दमदार वापसी करना चाहेंगी। इस टूर्नामेंट से ओलंपिक क्वालिफाइंग प्रतियोगिताओं की बहाली भी होगी। यहां के सेंट जैकबशेल स्थल पर ही ओलंपिक की रजत पदक विजेता सिंधु 2019 में विश्व चैंपियन बनीं थीं। यह कोविड-19 महामारी के व्यवधान से पहले उनका आखिरी खिताब था।
विज्ञापन
दूसरी वरीयता प्राप्त सिंधु अपने अभियान की शुरुआत तुर्की की नेस्लीहान ईगिट के खिलाफ करेंगी। क्वार्टर फाइनल में उनका मुकाबला पांचवीं वरीयता प्राप्त थाई खिलाड़ी बुसानन ओंगबामरंगफान से हो सकता है, जिसे उन्होंने जनवरी में थाईलैंड ओपन में हराया था। दो बार की पूर्व चैंपियन साइना भी सिंधु वाले हॉफ में ही है। सेमीफाइनल में ये दोनों भारतीय खिलाड़ी आमने-सामने हो सकती हैं। साइना को हालांकि इससे पहले कोरिया की छठी वरीयता प्राप्त सुंग जी ह्यून और डेनमार्क की चौथी वरीय मिया ब्लिचफेल्ट की चुनौती से पार पाना पड़ सकता है। लंदन ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता साइना पहले दौर में थाईलैंड की पिटायापोर्न चाइवान से खेलेंगी।
विज्ञापन
श्रीकांत की पहली ही टक्कर हमवतन समीर से
पुरुष एकल खिलाड़ियों समीर वर्मा, एचएस प्रणय और किदांबी श्रीकांत ने भी क्रमश: 2018, 2016 और 2015 में यहां खिताब जीता था। बी साई प्रणीत पिछले सत्र में उप विजेता रहे थे। ये चारों खिलाड़ी अपने पुराने प्रदर्शन को दोहराने की कोशिश करेंगे। श्रीकांत की पहली ही टक्कर हमवतन समीर से होगी। प्रणय पहले दौर में नीदरलैंड के मार्क कालिजोउ से, सौरभ वर्मा स्विट्जरलैंड के क्रिस्टियन क्रिचमेयर, अजय जयराम थाईलैंड के सिटीकोम थम्मासिन से, कश्यप स्पेन के पाब्लो एबियन से और प्रणीत इस्राइल के मिशा जिल्बरमैन से खेलेंगे।
विज्ञापन
सात्विक-चिराग की जोड़ी पर रहेगी निगाह
दुनिया की दसवें नंबर की सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी पर सभी की निगाह लगी रहेगी। युगल के नए कोच मैथियास बो की निगरानी में एक महीने तक अभ्यास करने के बाद यह दूसरी वरीयता प्राप्त भारतीय जोड़ी अपना अच्छा प्रदर्शन जारी रखने की कोशिश करेगी। सात्विक और चिराग थाईलैंड ओपन में सेमीफाइनल तक पहुंचे थे। इस जोड़ी का पहले दौर में सामना स्कॉटलैंड के क्रिस्टोफर ग्रिमले और मैथ्यू ग्रिमले से होगा। सात्विक और अश्विनी पोनप्पा से भी पिछले टूर्नामेंट में अंतिम चार में पहुंचने के कारण उम्मीदें बंधी हैं। उन्हें पहले दौर में ही इंडोनेशिया के हाफिज फैजल और ग्लोरिया इमानुएल विजाजा की दूसरी वरीयता प्राप्त जोड़ी की कड़ी चुनौती का सामना करना होगा।
लक्ष्य करेंगे वापसी
चोट के कारण थाईलैंड में भाग नहीं ले पाने वाले लक्ष्य सेन भी इस टूर्नामेंट से वापसी करेंगे। उनका पहला मुकाबला थाईलैंड के तनोंगसाक सीनसोमबूनसुक से होगा। प्रणव जेरी चोपड़ा और एन सिक्की रेड्डी की मिश्रित युगल जोड़ी पहले दौर में इंग्लैंड के मार्कस एलिस और लॉरेन स्मिथ का सामना करेगी। एमआर अर्जुन और ध्रुव कपिला की जोड़ी व्लादीमीर इवानोव और इवान सुजोनोव के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी।