सिंगापुर ओपन निरस्त: जून के पहले सप्ताह में होने वाली थी अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन स्पर्धा
कोरोना के कहर के कारण भारत में आईपीएल स्थगित किया जा चुका है तो अब सिंगापुर में बैडमिंटन प्रतियोगिता निरस्त कर दी है। अब टोक्यो ओलिंपिक पर सभी की नजर है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बढ़ते कोरोना संक्रमण के कारण सिंगापुर ओपन बैडमिंटन स्पर्धा निरस्त कर दी गई है। टूर्नामेंट आयोजक सिंगापुर बैडमिंटन एसोसिएशन (एसबीए) और बैडमिंटन वर्ल्ड फेडरेशन (बीडब्ल्यूएफ) ने बुधवार को इस पर सहमति जताई। दोनों संस्थाओं की सहमति से सिंगापुर ओपन 2021 निरस्त कर दिए गए। ये 1 से 6 जून तक होने वाले थे।
बुधवार को जारी बयान में कहा गया है कि आयोजकों ने सभी खिलाड़ियों को महामारी से सुरक्षित रखने के सारे उपाय किए, लेकिन विश्वभर कोविड-19 केस बढ़ने के कारण और आवाजाही में होने वाली परेशानी को देखते हुए यह निर्णय लिया।
साइना व किदांबी की टोक्यो ओलिंपिक के लिए उम्मीदें खत्म
सिंगापुर ओपन रद्द होने के साथ ही भारत भारतीय खिलाड़ियों साइना नेहवाल और किदांबी श्रीकांत की टोक्यो ओलिंपिक के लिए क्वालीफाई करने की उम्मीदें लगभग खत्म हो गई हैं। बीडब्ल्यूएफ विश्व टूर पर सुपर 500 टूर्नामेंट सिंगापुर ओपन ओलंपिक क्वालीफाइंग समय के दौरान 'रेस टू टोक्यो' रैंकिंग के लिए रैंकिंग अंक देने वाला आखिरी टूर्नामेंट था।
बीडब्ल्यूएफ ने बयान में कहा, 'सभी खिलाड़ियों, टूर्नामेंट कर्मचारियों और स्थानीय समुदाय के स्वास्थ्य और सुरक्षा से जुड़े हितों को देखते हुए टूर्नामेंट को रद्द कर दिया गया है। बीडब्ल्यूएफ पुष्टि करता है कि टूर्नामेंट के कार्यक्रम में बदलाव नहीं होगा।'
बयान के अनुसार, 'आयोजकों और बीडब्ल्यूएफ ने सभी प्रतिभागियों को सुरक्षित माहौल मुहैया कराने के लिए सभी प्रयास किए। हालांकि दुनिया भर में कोविड-19 के बढ़ते मामलों के कारण यहां आने वाले यात्रियों को लेकर जटिल चुनौतियां थी।' बीडब्ल्यूएफ ने कहा कि वह टोक्यो ओलिंपिक क्वालीफाइंग को लेकर बात में बयान जारी करेगा।
क्वालीफाई करना सिंगापुर ओपन के नतीजे पर निर्भर था
लंदन ओलिंपिक की कांस्य पदक विजेता साइना और श्रीकांत का ओलिंपिक के लिए क्वालीफाई करना सिंगापुर ओपन के नतीजे पर निर्भर करता था, क्योंकि इससे पहले सात मई को मलेशिया ओपन (25 से 30 मई) को भी स्थगित कर दिया गया था। मलेशिया ओपन के स्थगित होने के बाद भारतीय बैडमिंटन संघ (बीएआई) ने बीडब्ल्यूएफ ने अपने खिलाड़ियों के क्वालीफिकेशन को लेकर स्पष्टता की मांग की थी।
सिंगापुर ने भारत से आने वाली सभी उड़ानों पर रोक लगा दी है जिससे भारतीय खिलाड़ियों का अंतिम क्वालीफायर के लिए इस देश में जा पाना काफी मुश्किल था। बता दें, कोरोना के कहर के कारण भारत में क्रिकेट के आईपीएल मैच स्थगित हो चुके हैं। टोक्यो ओलिंपिक का आयोजन स्थगित होने की भी आशंका है।