आखिर क्यों एशिया टीम चैम्पियनशिप से हटना चाहती हैं साइना नेहवाल?
भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल ऑल इंग्लैंड चैम्पियनशिप की तैयारियों के मद्देनजर अगले महीने होने वाले एशिया टीम चैम्पियनशिप से हटना चाहती हैं, लेकिन भारतीय बैडमिंटन संघ (बीएआई) उन्हें इसके लिये मनाने में जुटा है। यह चैम्पियनशिप प्रतिष्ठित उबेर कप और थॉमस कप के लिये क्वालीफायर टूर्नामेंट का भी काम करता है।
गौरतलब है कि थॉमस और उबेर कप इस साल बैंकॉक में 20 से 27 मई तक खेला जायेगा। घुटने में चोट के बाद इंडोनेशिया मास्टर्स से वापसी कर रही लंदन ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता खिलाड़ी ने बीएआई को पत्र लिखकर मलेशिया के अलार सेतार में छह फरवरी से 11 फरवरी तक खेले जाने वाले एशिया टीम चैम्पियनशिप से हटने की अनुमति देने की मांग की है।
बीएआई साइना को समझाने की कोशिश कर रहा कि वह अपने प्रशिक्षण कार्यक्रम को संशोधित कर इस टूर्नामेंट को अपने कार्यक्रम में समायोजित करें। इस मामले में बीएआई के सचिव अनुप नारंग ने पीटीआई से बातचीत में कहा, 'यह काफी अहम टूर्नामेंट है क्योंकि यह थॉमस और उबेर कप का क्वालीफायर टूर्नामेंट हैं। यदि हम क्वालीफाइ नहीं होंगे तो वर्ल्ड ग्रुप से बाहर हो जायेंगे, इसलिये हमे सर्वश्रेष्ठ टीम उतारनी होगी।'मैं साइना को पत्र लिखकर उन से आग्रह करूंगा कि वह फैसले पर फिर से विचार कर अपने प्रशिक्षण कार्यक्रम में बदलाव करें ताकि इस चैम्पियपशिप में खेल सके। यह देश के राष्ट्रीय गौरव का मामला है।'
इन प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के लिये टीम की क्वालीफाई करने को सुनिश्चित करने के लिये बीएआई ने टूर्नामेंट के इस सत्र में मजबूत टीम उतारने का फैसला किया है। बीएआई ने साइना, पीबी सिंधू के अलावा युवा कृष्णा प्रिया और रूथविका गाडे को एशियाई चैम्पियनशिप के लिये टीम में चुना है। टूर्नामेंट में विजेता का फैसला तीन एकल और दो युगल मुकाबलों के आधार पर होता है।
बता दें कि भारतीय महिलाओं की टीम उबेर कप के सेमीफाइनल में 2014 और 2016 में पहुंची है। ऑल इंग्लैंड चैम्पियनशिप, एक बीडब्ल्यूएफ विश्व टूर सुपर 1000 प्रतियोगिता है जिसकी इनामी राशि 10,00,000 अमेरिकी डॉलर है। टूर्नामेंट 14 से 18 मार्च तक बर्मिंघम में खेला जायेगा।