साइना ने एशियन चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में बनाई जगह, सिंधु की चुनौती खत्म
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कॉमनवेल्थ गेम्स में दो बार स्वर्ण पदक जीत चुकीं साइना नेहवाल ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए महिला एकल वर्ग के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। मगर ओलंपिक रजत पदक विजेता पीवी सिंधु हार के साथ टूर्नामेंट से बाहर हो गईं। दुनिया की पूर्व नंबर एक साइना ने क्वार्टर फाइनल में गैरवरीय कोरिया की ली जैंग मी को 21-15, 21-13 से हराया।
नेहवाल ने 3-8 और 9-13 से पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए 14-13 से बढ़त हासिल की और पहला गेम जीत लिया। दुनिया की 15वें नंबर की कोरियाई दूसरे गेम में टक्कर नहीं दे सकी और साइना ने अपना दबदबा कायम रखते हुए 8-1 से बढ़त बना ली। ली जैंग ने बढ़त करते हुए स्कोर 8-12 किया लेकिन भारतीय खिलाड़ी ने बिना ज्यादा परेशानी के मैच अपने कब्जे में कर लिया।
अब उनकी टक्कर दुनिया की नंबर एक ताइपे की ताई जू यिंग या चीन की आठवीं वरीय बिनजियाओ से होगी। हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के गोल्ड कोस्ट में हुए कॉमनवेल्थ गेम्स में रजत जीतने वाली पीवी सिंधु को सातवीं वरीय कोरिया सुंग जी ह्यून से 19-21, 10-21 से हार का सामना करना पड़ा। तीन साल पहले विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतने वालीं सुंग जी ह्यून से सिंधू ने 11 मुकाबले खेले हैं जिसमें सात में वह जीतने में सफल रही हैं। 22 वर्षीय सिंधु हाल ही टखने की चोट से भी परेशान रही हैं। उन्होंने पहले गेम में 16-12 की बढ़त गंवा दी थी। दूसरे गेम में कोरियाई खिलाड़ी ने 11-9 की बढ़त बना ली और उसके बाद खेल पर अपना नियंत्रण बरकरार रखा।
ली चोंग वेई ने श्रीकांत को फिर दी मात
पुरुष वर्ग में शीर्ष वरीय किदांबी श्रीकांत मलयेशिया के ली चोंग वेई से सीधे गेमों में 12-21,15-21 से हारकर बाहर हो गए। राष्ट्रमंडल खेलों की मिश्रित टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने के दौरान श्रीकांत ने ली चोंग वेई को हराया था लेकिन एकल में ली चोंग ने श्रीकांत को हराकर गोल्ड मेडल जीता था।
इस लिहाज से उनकी ली चोंग के खिलाफ लगातार दूसरी हार है। शुक्रवार को विश्व के सातवें नंबर के मलयेशियाई खिलाड़ी ने पहले गेम में ही 13-4 की बढ़त बना ली और बिना ज्यादा परेशानी के पहला गेम जीत लिया। दूसरे गेम में मलयेशियाई खिलाड़ी ने 10-8 की लीड ली और श्रीकांत के प्रयासों के बावजूद बाजी मार ली।