Indonesia Open 2019: सिंधु को मिला सिल्वर मेडल, फाइनल में यामागुची से मिली हार
करीब सात माह बाद फाइनल खेलने वाली रियो ओलंपिक की रजत पदक विजेता पीवी सिंधु खिताब से चूक गईं। दुनिया की पांचवें नंबर की खिलाड़ी सिंधु को इंडानेशिया ओपन बैडमिंटन चैंपियनशिप के फाइनल में जापान की अकाने यामागुची के हाथों 51 मिनट में 15-21, 16-21 से शिकस्त का सामना करना पड़ा। विश्व चैंपियनशिप की रजत पदक विजेता सिंधु पिछले साल दिसंबर में बीडल्यूएफ विश्व टूर फाइनल्स के बाद से खिताबी सूखा खत्म करने का इंतजार कर रही हैं। सत्र का पहला फाइनल खेल रही सिंधू थोड़ी बेचैन थीं और वह 22 साल की यामागुची के शानदार प्रदर्शन की बराबरी नहीं कर सकीं। यामागुची का यह सत्र का तीसरा खिताब है।
हार के बाद सिंधू ने कहा, ‘वह (यामागुची) सचमुच काफी बढ़ियां खेली और इसमें काफी लंबी रैलियां थीं। मैंने कुछ गलतियां कीं और इनका उसने फायदा उठाया। अगर मैं पहला गेम जीत जाती तो यह थोड़ा अलग हो सकता था। दूसरे गेम में मैंने उसे काफी बढ़त दे दी और इसकी भरपाई करना मुश्किल हो गया। लेकिन पूर्ण रूप से देखें तो मुझे लगता है कि यह मेरे लिए अच्छा टूर्नामेंट रहा। मैं उम्मीद करती हूं कि इससे मेरा आत्मविश्वास बढ़ेगा जिससे आगे टूर्नामेंट में फायदा होगा। अब मैं जापान में खेलूंगी और मुझे वहां अच्छा करने की उम्मीद है।’
लाइव अपडेट्स
दूसरा सेट
यामागुची 18-14 से आगे
सिंधु को वापसी का कोई मौका नहीं दे रही हैं यामागुची
13 मिनट के खेल के बाद सिंधु 8-11 से पीछे
दूसरे सेट में भी यामागुची की जबरदस्त शुरुआत, 4-1 से निकली आगे
पहला सेट
यामागुची ने पहला सेट 21-15 से अपने नाम किया
सिंधु ने बनाई बड़ी बढ़त, 12-9 से निकलीं आगे
यामागुची ने भी अपना एक रिव्यू गंवाया, स्कोर 9-9 की बराबरी पर
एक-एक अंक के लिए दोनों स्टार खिलाड़ियों में संघर्ष हो रहा है
सिंधु ने यामागुची की शॉट पर रिव्यू मांगा जो काम नहीं आया, स्कोर अब 5-5 की बराबरी पर
शुरुआत में पिछड़ने के बाद सिंधु की शानदार वापसी, 5-3 से निकलीं आगे
यामागुची की आक्रामक शुरुआत, 3-0 की बनाई बढ़त
दोनों खिलाड़ी 15वीं बार आमने-सामने हैं
फाइनल मुकाबले के लिए दोनों खिलाड़ी कोर्ट में पहुंच चुकी हैं