पुरुष वर्ग में लिन डान ने जीता खिताब, महिला वर्ग में ताई जू की लगातार तीसरी खिताबी जीत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कुआलांलपुर। चीन के स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी लिन डान ने रविवार को मलयेशिया ओपन का खिताब जीत लिया है। लिन ने इस टूर्नामेंट में पुरुष एकल वर्ग के खिताबी मुकाबले में गत ओलंपिक चैंपियन और दो बार के विश्व चैंपियन हमवतन चेन लोंग को मात देकर जीत हासिल की। यह दो साल में उनका पहला बड़ा खिताब है। इससे पहले उन्होंने 2017 में यही टूर्नामेंट जीता था।
पांच बार के विश्व चैंपियन लिन डान जनवरी से कई टूर्नामेंट में पहले दौर में बाहर हो रहे थे। इंडोनेशियाई मास्टर्स, जर्मन ओपन और ऑल इंग्लैंड कहीं भी वह बेहतर नहीं कर पाए थे। रविवार को 78 मिनट चले मुकाबले में दुनिया के 16वें नंबर के खिलाड़ी ने 9-21, 21-7, 21-11 से जीत हासिल की। मैच के बाद लिन ने कहा कि इस जीत के साथ उनका बुरा वक्त बीत गया।
दो बार ओलंपिक चैंपियन रह चुके लिन डान को मलयेशिया के प्रतिद्वंद्वी ली चोंग वेई ने 49 हजार डॉलर की राशि प्रदान की। ली चोंग वेई कैंसर से उबरने के बाद फिर से फिटनेस हासिल कर रहे हैं। लिन ने उम्मीद है कि वह ली से जल्द फिर कोर्ट में आमने-सामने होंगे। दोनों स्टार शटलर अगले साल होने वाले टोक्यो ओलंपिक की तैयारी कर रहे हैं। ली चोंग वेई पिछले साल जुलाई से मैदान से बाहर हैं।
2017 में भी मलयेशिया ओपन जीत चुके हैं चीन के शटलर
मेरा प्रदर्शन पिछले साल अच्छा नहीं था। मैं बेहद दबाव में था और मुझे अपने को लेकर संदेह होने लगा था लेकिन इस टूर्नामेंट में मैं ज्यादा प्रतिबद्ध होकर उतरा था। मेरा ख्याल है कि बुरे दिन अब बीत गए।-लिन डान
महिला वर्ग में ताई जू ने लगातार तीसरी बार जीता खिताब
महिला वर्ग में ताइवान की शीर्ष वरीय ताई जू यिंग ने लगातार तीसरी बार खिताब जीता। उन्होंने जापान की अकाने यामागुची को सीधे गेमों में 21-16, 21-19 से पराजित किया। चीन का टूर्नामेंट में पूरी तरह दबदबा रहा। चीनी खिलाड़ियों ने मिश्रित, महिला और पुरुष तीनों युगल खिताब जीते।
पुरुष युगल में ली जुनहुई और लियू युचेन जबकि मिश्रित में झेंग सिवेई और हुयांग और महिला युगल में चेन क्विंगचेन और जिया यिफेन ने खिताब जीते।
इनपुट: भाषा