Barcelona Spain Masters: साइना-श्रीकांत की निगाह ओलंपिक क्वालिफिकेशन पर
- 18 फरवरी से शुरू हो रहे स्पेन मार्स्टस में करना चाहेंगे दमदार प्रदर्शन
- टोक्यो ओलंपिक में खेलने की उम्मीदें जिंदा रखने उतरेंगे साइना-श्रीकांत
विस्तार
लंदन ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता शटलर साइना नेहवाल और किदांबी श्रीकांत टोक्यो ओलंपिक में खेलने की उम्मीदें जिंदा रखने के लिए मंगलवार से शुरू हो रहे स्पेन मास्टर्स में दमदार प्रदर्शन करना चाहेंगे। इन दोनों के लिए 2019 निराशाजनक रहा।
इस साल की शुरुआत में भी उनके प्रदर्शन में दमखम की कमी दिखी। साइना इस सत्र में खेले गए तीनों टूर्नामेंटों के दूसरे तो श्रीकांत पहले ही दौर में बाहर हुए हैं। साइना की मौजूदा रैंकिंग 18 जबकि श्रीकांत की 15 हैं।
'रेस टू टोक्यो' में यह देनों खिलाड़ी क्रमश: 22वें और 26वें स्थान पर हैं। बीडब्ल्यूएफ ओलंपिक क्वालिफिकेशन नियमों के अनुसार अप्रैल अंत में शीर्ष-16 रैकिंग में रहने वाले खिलाड़ियों को ही सीधे टिकट मिलेगा।
एकल वर्ग में एक देश के अधिकतम दो खिलाड़ी क्वालिफाई कर सकते हैं। साइना अपने अभियान की शुरुआत जर्मनी की यूवोन्ने ली के खिलाफ जबकि श्रीकांत हमवतन शुभंकर डे के खिलाफ करेंगे। पी कश्यप ब्राजील के यगोल कोइलहो से, एचएस प्रणय मलयेशिया के डेरेन ल्यू से, सौरभ वर्मा इजरायल के मिशा जिल्बरमैन से और समीर वर्मा हमवतन प्रणीत से खेलेंगे।
सिंधु व प्रणीत ने लगभग कर लिया है क्वालिफाई
एकल में विश्व चैंपियन पीवी सिंधू और बी साई प्रणीत के अलावा सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की पुरुष युगल जोड़ी ने टोक्यो का अपना टिकट लगभग पक्का कर लिया है। आखिरी तारीख अप्रैल के अंत तक है और तब तक सिर्फ सात टूर्नामेंट बचे हैं।