विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप: साइना ने कटाया क्वार्टर फाइनल का टिकट, श्रीकांत बाहर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रियो ओलंपिक की रजत पदक विजेता पीवी सिंधू और लंदन ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता साइना नेहवाल ने विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप में अपना शानदार सफर जारी करते हुए गुरुवार को क्वार्टर फाइनल का टिकट कटा लिया।
पिछली बार की उपविजेता तीसरी वरीय सिंधू ने नौवीं वरीय कोरिया की जी हयुन सुंग को 21-10, 21-18 से, जबकि 2015 की रजत और 2017 की कांस्य पदक विजेता साइना ने 2013 की चैंपियन थाईलैंड की रतचानोक इतानोन को 21-16, 21-19 से मात दी। राष्ट्रमंडल खेलों की चैंपियन साइना की यह इतानोन पर 15 मुकाबलों में दसवीं जीत है।
मारिन से खिलाफ भारी है साइना का पलड़ा
सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए अब साइना की टक्कर ओलंपिक चैंपियन और दुनिया की नंबर चार खिलाड़ी स्पेन की कैरोलिन मारिन से होगा। दुनिया की दसवें नंबर की खिलाड़ी साइना का दो बार की विश्व चैंपियन मारिन के खिलाफ पलड़ा भारी है।
दोनों के बीच अब तक नौ मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें से साइना ने पांच और मारिन ने चार जीते हैं। दोनों के बीच पिछली भिड़ंत इसी साल डेनमार्क ओपन में हुई थी जिसमें भारतीय खिलाड़ी ने बाजी मारी थी।
ओकुहारा से हिसाब बराबर करना चाहेंगी सिंधू
हैदराबादी खिलाड़ी सिंधू की सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए भिड़ंत गत चैंपियन जापान की नोजोमी ओकुहारा से होगी। आठवीं वरीस ओकुहारा ने सिंधू को हराकर ही खिताब जीता था। अब सिंधू के पास शुक्रवार को उस हार का हिसाब बराबर करने का भी मौका होगा।
दोनों के बीच अब तक 11 मुकाबले हुए हैं जिसमें से ओकुहारा ने छह और सिंधू ने पांच जीते हैं। दोनें पिछले महीने थाईलैंड ओपन में आमने-सामने हुईं भी जिसमें जापानी खिलाड़ी भारतीय पर भारी पड़ी थी।
प्रणीत जीते, श्रीकांत हारे
पुरुष वर्ग में खिताब की सबसे बड़ी उम्मीद किदांबी श्रीकांत का सफर प्री क्वार्टर फाइनल में ही थम गया। वहीं बी साई प्रणीत क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए। प्रणीत ने डेनमार्क के हेंस क्रिस्टियन को 21-13, 21-11 से मात दी। अगले दौर में उनके सामने केंतो मोमोतो की चुनौती होगी।
गोल्ड कोस्ट राष्ट्रमंडल खेलों के रजत पदक विजेता पांचवीं वरीय श्रीकांत 41 मिनट तक चले मुकाबले में मलयेशिया के डारेन लियू के हाथों 18-21,18-21 से हारकर बाहर हो गए।