All England Open 2020: सिंधु की विजयी शुरुआत, श्रीकांत को पहले ही दौर में मिली हार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कोरोनावायरस प्रकोप के बीच बुधवार से शुरू हुए ऑल इंग्लैंड बैडमिंटन चैंपियनशिप में भारतीय स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु ने महिला एकल मुकाबले में अमेरिका की बेइवेन झांग को 21-14, 21-17 से हराकर दूसरे राउंड में अपनी जगह पक्की कर ली है।
दोनों खिलाडियों के बीच का मुकाबला 42 मिनट तक चला। वहीं, पुरुष एकल मुकाबले में किदांबी श्रीकांत को पहले ही दौर में हार का सामना करना पड़ा। 43 मिनट तक चले इस मुकाबले में उन्हें ओलंपिक चैम्पियन चेन लोंग ने 21-15, 21-16 से हराया।
वहीं, मिक्स्ड डबल मुकाबले में एन. सिक्की रेड्डी और प्रणव चोपड़ा की जोड़ी को हार का सामना करना पड़ा। चीन की झेंग सिवेई और हुआंग क्यूओंग की जोड़ी ने भारतीय जोड़ी को 21-13, 11-21, 21-17 से हरा दिया।
सिंधु की नजरें ऑल इंग्लैंड खिताब पर लगी हैं। पिछले साल विश्व चैम्पियनशिप स्वर्ण जीतने वाली सिंधु ऑल इंग्लैंड नहीं जीत पाई हैं। पूर्व रजत पदक विजेता साइना नेहवाल और किदाम्बी श्रीकांत भी रैंकिंग में शीर्ष 16 में जगह बनाने की कोशिश करेंगे। ओलंपिक क्वालीफिकेशन की समय सीमा 28 अप्रैल है।
भारत के लिए आखिरी बार ऑल इंग्लैंड खिताब मौजूदा मुख्य कोच पुलेला गोपीचंद ने 2001 में जीता था। सिंधु 2018 में सेमीफाइनल में अमेरिका की बेइवेन झांग से हार गई थीं। साइना 2015 में फाइनल में पहुंची थीं। उन्हें रैंकिंग अंक की सख्त जरूरत है।
पहले ही दौर में उनके सामने जापान की अकाने यामागुची जैसी कठिन चुनौती है। श्रीकांत को ड्रॉ में आगे जाने के लिए ओलंपिक चैम्पियन चेन लोंग की चुनौती का सामना करना होगा। वहीं पारूपल्ली कश्यप पहले दौर में इंडोनेशिया के शेसार हिरेन आर से खेलेंगे। लक्ष्य सेन का सामना हांगकांग के ली चियुक यू से होगा।
सत्र के पहले सुपर 1000 टूर्नामेंट से पहले दुनिया भर में कोरोनावायरस संक्रमण का असर है। इंग्लैंड में ही 300 से अधिक लोग संक्रमित पाए गए हैं और पांच मौतें हो चुकी हैं। इसके चलते जर्मन ओपन टूर्नामेंट भी रद्द हो चुका है।
बता दें कि कोरोना वायरस प्रकोप के कारण ही भारत के एचएस प्रणय और दुनिया की दसवें नंबर की युगल टीम चिराग शेट्टी और सात्विक रांकिरेड्डी टूर्नामेंट से नाम वापिस ले चुके हैं।