Kanpur: ठेके पर मिल रही सस्ती शराब, खरीदने की मची होड़; 100 रुपये में मिल रहे दो पौवे
Kanpur News: महाराजपुर थाना क्षेत्र के पुरवामीर देसी शराब ठेके में कम दामों में शराब मिलने की सूचना पर ठेके के बाहर शराबियों की भीड़ जमा हो रही है। शराब के शौक़ीन तीन-तीन पेटियां लेकर जा रहे हैं।
विस्तार
कानपुर के महाराजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पुरवामीर स्थित देशी शराब के ठेके पर इन दिनों सस्ती शराब का खेल चर्चा में है। यहां सौ रुपये में दो पौवे मिलने की सूचना फैलते ही ठेके के बाहर शराब लेने वालों की भीड़ उमड़ रही है। हालात यह हैं कि लोग एक-दो नहीं बल्कि तीन-तीन पेटियां शराब खरीदकर घर ले जा रहे हैं, जिससे आबकारी नियमों की खुलेआम अनदेखी सामने आ रही है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक बीते करीब एक सप्ताह से ठेके पर पचास रुपये में एक और सौ रुपये में दो पौवे शराब बेची जा रही है। जबकि नियमों के अनुसार शराब की कीमत तय मानकों के अनुसार ही होनी चाहिए और उसमें मनमाने तरीके से बदलाव नहीं किया जा सकता। इसके बावजूद यहां खुलेआम कम कीमत पर शराब की बिक्री जारी है।
सस्ती शराब की खबर फैलते ही ग्रामीण क्षेत्र में मांग तेजी से बढ़ गई है। बताया जा रहा है कि पिछले चार-पांच दिनों में शराब की बिक्री आम दिनों के मुकाबले लगभग दोगुनी हो गई है। लोग एक साथ कई पेटियां खरीदकर ले जा रहे हैं, जिससे अवैध भंडारण और नियम उल्लंघन की आशंका भी बढ़ गई है। दो दिन पहले महाराजपुर पुलिस ने एक व्यक्ति को तीन पेटी शराब के साथ पकड़ा था।
पूछताछ में उसने बताया कि सस्ती दर पर शराब मिलने के कारण उसने एक साथ ज्यादा मात्रा में खरीदारी की थी। इस पूरे मामले में आबकारी विभाग की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। आबकारी निरीक्षक आलोक कुमार ने बताया कि उन्हें इस तरह की कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि स्टॉक क्लियर करने के लिए दाम कम किए जा रहे हैं तो भी इसकी जांच कराई जाएगी और नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।