टीजीटी भर्ती: इंटरव्यू देने ही नहीं पहुंचे 62 अभ्यर्थी, वजह चौंकाने वाली
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रारंभिक शिक्षा विभाग में पूर्व सैनिक कोटे से टीजीटी नॉन मेडिकल पद के लिए हुए साक्षात्कार में 62 अभ्यर्थी नहीं पहुंचे। शिक्षा विभाग ने 184 अभ्यर्थियों को बुलावा पत्र भेजे थे। 15 से 18 नवंबर तक लिए गए साक्षात्कार में 122 अभ्यर्थियों ने ही भाग लिया।
‘अमर उजाला’ ने 15 नवंबर के अंक में पूर्व सैनिक कोटे से सरकारी नौकरियों में गड़बड़झाला शीर्षक से पूर्व सैनिक कोटे के दुरुपयोग के मामले को प्रमुखता से उठाया था। इसके बाद प्रारंभिक शिक्षा विभाग ने भी साक्षात्कार के लिए भेजे बुलावा पत्रों की अपने स्तर पर जांच शुरू की।
इसमें सामने आया कि साक्षात्कार के लिए भेजे गए बुलावा पत्र में कुछ अभ्यर्थी ऐसे हैं, जिनके परिवार से पहले ही पूर्व सैनिक कोटे से सरकारी नौकरी हासिल कर चुके हैं। पूर्व सैनिक कल्याण विभाग ने भी पूर्व सैनिक कोटे का दुरुपयोग करने वाले लोगों के खिलाफ पुलिस में केस दर्ज करने और रिकवरी की बात कही।
पूर्व सैनिकों और आश्रितों ने की 'अमर उजाला' मुहिम की सराहना
प्रारंभिक शिक्षा विभाग और पूर्व सैनिक विभाग के बयान के बाद पहले से कोटे का लाभ ले चुके अभ्यर्थियों ने साक्षात्कार से दूरी बनाए रखी। साक्षात्कार में भाग न लेने वाले 62 अभ्यर्थियों में से अधिकतर के परिवार से पहले ही सरकारी नौकरी हासिल कर चुके हैं। ‘अमर उजाला’ की मुहिम की पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों ने सराहना की है। कहा कि इससे पात्र लोगों को नौकरी के अवसर मिलेंगे।
चार दिन के साक्षात्कार में ये हुए शामिल
15 नवंबर को 40 अभ्यर्थियों को बुलावा पत्र भेजे। इनमें 31 शामिल हुए, जबकि 9 अनुपस्थित रहे। 16 नवंबर को 40 में से महज 17 ने भाग लिया। 23 गैरहाजिर रहे। 17 नवंबर को 52 में से 11 अनुपस्थित रहे। 41 ने भाग लिया। 18 नवंबर को 52 में से 19 अनुपस्थित रहे। 33 अभ्यर्थियों ने साक्षात्कार में भाग लिया।
प्रारंभिक शिक्षा विभाग के उपनिदेशक रवित चंद कटोच ने कहा कि विभाग ने पूर्व सैनिक कोटे से टीजीटी नॉन मेडिकल के 92 पदों को भरने के लिए 184 अभ्यर्थियों को बुलावा पत्र भेजे थे। इनमें केवल 122 ने भाग लिया, जबकि 62 साक्षात्कार से नदारद रहे।